रामपुर में भीषण सड़क हादसा: कॉर्बेट नेशनल पार्क जा रहे दिल्ली की कंपनी के कर्मचारियों की कार कैंटर में घुसी, 3 की मौत, 4 गंभीर

दिल्ली की 'इंडियन शॉप कंप्यूटर कंपनी' के कर्मचारियों की कार रामपुर में खड़े कैंटर से टकरा गई। भीषण हादसे में 3 की मौत हो गई और 4 गंभीर हैं। टारगेट पूरा होने पर इन्हें कॉर्बेट नेशनल पार्क का टूर पैकेज मिला था। टायर बदलने के महज एक किलोमीटर बाद ही यह दर्दनाक हादसा हुआ।

Updated : 11 July 2026, 1:20 PM IST
google-preferred

Rampur: दिल्ली से उत्तराखंड के रामनगर स्थित प्रसिद्ध कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने जा रहे एक निजी कंपनी के कर्मचारियों के साथ शनिवार तड़के रामपुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाइवे पर कोतवाली के समीप सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से कर्मचारियों की कार पीछे से बेहद अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में तीन कर्मचारियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रामपुर रेफर किया गया है।

टारगेट पूरा होने पर कंपनी ने दिया था कॉर्बेट का टूर पैकेज

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग देश की राजधानी दिल्ली के निवासी हैं और वे दिल्ली स्थित 'इंडियन शॉप कंप्यूटर कंपनी' में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि इन कर्मचारियों ने कंपनी द्वारा निर्धारित बिजनेस टारगेट को सफलतापूर्वक पूरा किया था। इसी उपलब्धि के इनाम के तौर पर कंपनी प्रबंधन की ओर से सभी को कॉर्बेट नेशनल पार्क घूमने का एक टूर पैकेज दिया गया था।

इसी पैकेज के तहत कंपनी के कुल 12 कर्मचारी बेहद उत्साहित होकर दो अलग-अलग कारों में सवार होकर दिल्ली से रामनगर के लिए रवाना हुए थे। इनमें से एक कार में सात लोग सवार थे, जबकि दूसरी कार में पांच कर्मचारी बैठे हुए थे। सभी हंसी-खुशी अपनी मंजिल की तरफ बढ़ रहे थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि आगे मौत उनका इंतजार कर रही है।

यह भी पढ़ें- Deoria: दुकान बंद कर लौट रहा था घर, तभी काल बनकर आई तेज रफ्तार कार के पीछे घिसटता चला गया बेबस सब्जी विक्रेता

एक किलोमीटर बाद ही काल बन गया कैंटर

दुर्घटनाग्रस्त कार के ठीक आगे चल रही दूसरी कार में सवार साथी कर्मचारी अखिलेश ने घटनाक्रम की पूरी जानकारी दी। अखिलेश ने बताया कि हादसे का शिकार हुई कार का घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर पहले अचानक टायर पंचर हो गया था। इसके बाद दोनों कारों में सवार सभी कर्मचारी नीचे उतरे और पंचर टायर को बदलकर गाड़ी को दोबारा आगे की यात्रा के लिए तैयार किया।

इसी दौरान, एक बड़ा उलटफेर हुआ। अखिलेश टायर बदलने के बाद उस गाड़ी से उतरकर दूसरी कार में जाकर बैठ गए। इसके बाद दोनों कारें आगे बढ़ीं। सफर के दौरान अखिलेश वाली कार काफी आगे निकल गई, जबकि सात कर्मचारियों से भरी दूसरी कार पीछे रह गई।

जब फोन पर मिली हादसे की खबर, तो चीख पड़े साथी

अखिलेश के मुताबिक, जब काफी देर बीत जाने के बाद भी पीछे आ रही दूसरी कार उनके पास नहीं पहुंची, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तुरंत पीछे चल रहे साथियों के मोबाइल पर कॉल कर जानकारी लेने का प्रयास किया। फोन पर बात होते ही उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें पता चला कि पीछे आ रही कार कोतवाली के पास मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से बेहद बुरी तरह टकरा गई है। यह सुनते ही आगे जा रही कार में सवार सभी कर्मचारी बदहवास स्थिति में तुरंत घटनास्थल की ओर वापस लौटे।

हादसे में 3 ने मौके पर तोड़ा दम

हादसे की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके की तरफ दौड़े। घटनास्थल पर कार की हालत देखकर हर कोई दहल गया। स्थानीय निवासियों और साथी कर्मचारियों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद कार के मलबे में बुरी तरह फंसे हुए लहूलुहान लोगों को बाहर निकाला।

यह भी पढ़ें- Balrampur News: ढाई साल बाद खुला खौफनाक राज, हत्या के बाद नदी में फेंका शव, फिर सोशल मीडिया पर देने लगा चकमा

सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तीन युवाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अभिषेक अग्निहोत्री (उम्र 28 वर्ष), कार्तिक (उम्र 32 वर्ष) और नीरज (उम्र 31 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल कमल, शम्सुद्दीन, विशाल और जतिन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रामपुर रेफर कर दिया।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले हाइवे पर दुर्घटनाग्रस्त हुए वाहन को क्रेन की मदद से हटवाया और बाधित हुए यातायात को पूरी तरह सुचारु कराया। इसके बाद पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

शनिवार तड़के हुए इस भयानक हादसे की खबर जैसे ही दिल्ली में रह रहे मृतकों और घायलों के परिजनों को मिली, उनके घरों में कोहराम मच गया। हंसते-खेलते ट्रिप पर गए अपनों की मौत और गंभीर चोट की खबर ने परिवारों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Rampur

Published :  11 July 2026, 1:20 PM IST

Related News

Advertisement