Rampur News: मायके आ रही महिला का पीछा कर बदमाशों ने कार रुकवाई, विरोध करने पर पति को सड़क पर घसीटा

रामपुर में मुरादाबाद से लौट रहे दंपती के साथ शाहबाद में खौफनाक वारदात। नशे में धुत बाइक सवारों ने कार रोककर महिला से अभद्रता की और बचाने आए पति को सड़क पर खींचकर पीटा। परिजनों की मदद से पकड़े गए दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में, विधिक कार्रवाई जारी।

Updated : 2 May 2026, 4:53 AM IST

Rampur: उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने सरेराह एक दंपती को अपना निशाना बनाया। मुरादाबाद से अपने मायके आ रही एक महिला और उसके पति का बाइक सवार दो युवकों ने देर रात तक पीछा किया और कार रुकवाकर छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने पति के साथ मारपीट भी की। हालांकि, परिजनों की मुस्तैदी से दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।

कार रुकवाकर अश्लील हरकतें और दुष्कर्म की धमकी

पीड़ित दंपती के अनुसार, वे शुक्रवार देर रात मुरादाबाद से रामपुर की ओर आ रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक उनकी कार के पीछे लग गए। शाहबाद क्षेत्र में पहुंचते ही आरोपियों ने ओवरटेक कर बाइक कार के आगे लगा दी और जबरन रुकवा लिया।

Balliya: जब पिता के साथ खुशियों के जश्न में शामिल होने गया था 11 साल का पीयूष, किसे पता था मौत वहीं इंतज़ार कर रही है

आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए कार का दरवाजा खुलवाया और महिला के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इस दौरान आरोपियों ने महिला को दुष्कर्म की धमकी भी दी, जिससे दंपती दहशत में आ गया।

पति को सड़क पर खींचकर पीटा, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

जब पति ने अपनी पत्नी को बचाने का प्रयास किया और विरोध दर्ज कराया, तो नशे में धुत आरोपियों ने उसे कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर ही बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच महिला ने हिम्मत दिखाते हुए फोन पर अपने परिजनों को सूचना दे दी।

Budaun News: शराब, रफ़्तार और रसूख; बदायूं में सड़क पर मौत बनकर दौड़ी कार को कौन चला रही थी वो मिस्ट्री गर्ल?

मौके पर पहुँचे परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों हमलावरों को घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपियों का मेडिकल और विधिक प्रक्रिया

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। कोतवाल प्रदीप कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में दोनों आरोपी नशे की हालत में पाए गए हैं। उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई तेज कर दी है।

Location :  Rampur

Published :  2 May 2026, 4:53 AM IST