रायबरेली में हड़कंप: अटौरा में शव रखकर चौकी का घेराव, पुलिस के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के अटौरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को रखकर अटौरा पुलिस चौकी का घेराव किया। मौके पर पहुंची टीम ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का भरोसा देकर मामले को शांत कराया।

Raebareli : रायबरेली के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के अटौरा गांव में कल शव मिलने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आज शव रखकर अटौरा चौकी का घेराव कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।

पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

मौके पर पहुंचे सीओ लालगंज अमित सिंह ने बताया कि कल सुबह अटौरा गांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी हो चुकी है तथा मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

Raebareli Murder: खून से सना मिला व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस

परिजनों ने अधिकारियों से की मुलाकात

वहीं आज परिजनों ने अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों से मुलाकात की। प्रशासन ने परिवार को हरसंभव सहायता और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

आपको बता दें कि दो दिन पहले रायबरेली में एक 42 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक बाग में मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना गुरबक्श गंज थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक आम के बाग में हुई। मृतक की पहचान अटौरा बुजुर्ग निवासी छेद्दू पासवान (42) के रूप में हुई।

 

Location :  RaeBareli

Published :  13 June 2026, 1:33 PM IST

Advertisement