हिंदी
कुल्हाड़ी से हमले का मामला (Image Source: Dynamite News)
Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के बाघराय थाना क्षेत्र के चकवड़ गांव में मकान के पानी निकास को लेकर हुए विवाद में कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने चचेरे भाई और बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चकवड़ गांव निवासी श्यामू पाण्डेय (38) पुत्र विनय कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे देवगलपुर पुलिया (चौराहा) के पास से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
ये भी पढ़ें: प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो में अजब हाल! सफाई कर्मचारियों की मनमानी, फोरमैन-स्टोर कीपर के हाथ में झा
पुलिस के अनुसार, घटना बीते 13 नवंबर की है। मकान के पानी निकास को लेकर श्यामू पाण्डेय का अपने चचेरे भाई से विवाद हो गया था। शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। आरोप है कि गाली-गलौज के दौरान श्यामू ने अपने चचेरे भाई पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया।
इस दौरान बीच-बचाव करने के लिए उसका भतीजा भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि श्यामू ने उस पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बाघराय पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
ये भी पढ़ें: प्रतापगढ़ में मामूली बात पर खूनी खेल, चचेरे भाई-भतीजे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। थानाध्यक्ष बाघराय राकेश कुमार चौरसिया ने टीम को जिम्मेदारी सौंपी।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक देवी दयाल वर्मा ने हमराही सिपाही सत्यप्रकाश के साथ देवगलपुर पुलिया (चौराहा) के पास घेराबंदी की। इसी दौरान फरार चल रहे श्यामू पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय में पेश किया। इस तरह मकान के पानी निकास को लेकर हुए विवाद में चचेरे भाई और भतीजे पर कुल्हाड़ी से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
Location : Pratapgarh
Published : 21 November 2026, 9:18 PM IST