फतेहपुर में खाना बनाते समय तेज धमाका, भरभराकर जमींदोज हुआ मकान; 4 की मौत, एक की हालत नाजुक

फतेहपुर में शाम खाना बनाते समय अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके के बाद एक मकान भरभराकर जमींदोज हो गया, जबकि पड़ोसी का मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ। मलबे में सात लोग दब गए। रेस्क्यू के बाद सभी को मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां चार लोगों की मौत हो गई। एक की हालत नाजुक है, जबकि दो की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 September 2026, 9:27 PM IST
google-preferred

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार शाम खाना बनाते समय अचानक हुए तेज धमाके ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। धमाका इतना जोरदार था कि पूरा मकान भरभराकर जमींदोज हो गया और देखते ही देखते चारों तरफ मलबा बिखर गया। हादसे की चपेट में पड़ोसी का मकान भी आ गया और वह भी क्षतिग्रस्त हो गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में लोगों के दबे होने की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हादसे में कुल सात लोगों के दबे होने की जानकारी सामने आई है। इनमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। दो अन्य लोगों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

खाना बनाते समय अचानक हुआ तेज धमाका

घटना जिले के मलवां थाना क्षेत्र के कस्बे की बताई जा रही है। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर में खाना बनाते समय अचानक तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि मकान की छत और दीवारें देखते ही देखते धराशायी हो गईं। अचानक हुए धमाके से आसपास के इलाके में भी अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर पहुंचने के बाद लोगों ने देखा कि मकान मलबे में तब्दील हो चुका है।

Fatehpur Blast: पलक झपकते ही ढह गया दो मंजिला मकान, तीन लोगों ने दी मौत को मात; फतेहपुर हादसे की पूरी कहानी

मलबे में दबे थे सात लोग

मकान के अचानक गिरने से परिवार के कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के वक्त घर के अंदर अर्पित, वेद, कुणाल, आलोक, पूजा, उमा और लक्ष्मी समेत परिवार के लोग मौजूद बताए गए। कंक्रीट की छत अचानक टूटकर गिरने से सभी लोग मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीण भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए।

पुलिस-फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

मलबे में लोगों के दबे होने की जानकारी के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबा हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। जिला प्रशासन के मुताबिक, हादसे के बाद सात लोगों को मलबे से निकालकर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

फतेहपुर में बड़ा हादसा, सिलेंडर ब्लास्ट से दो मंजिला मकान जमींदोज, कई लोग दबे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

Location :  Fatehpur

Published :  28 September 2026, 9:27 PM IST

Related News

Advertisement