हिंदी
दहेज की मांग ने ली एक और जान
Gorakhpur: गोरखपुर जिले में दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में कैम्पियरगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में नामजद पति, ससुर और एक महिला रिश्तेदार को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार यह मामला कैम्पियरगंज थाना क्षेत्र के चान्दीपुर गांव से जुड़ा हुआ है। दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कैम्पियरगंज में मुकदमा संख्या 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया।
100 मीटर तक ट्रेन के साथ घिसटी बाइक, युवक ने ऐसे बचाई जान-गोरखपुर में बड़ा रेल हादसा टला
दहेज हत्या के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कैम्पियरगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
कैम्पियरगंज पुलिस ने चान्दीपुर गांव निवासी विजय निषाद पुत्र रामकेवल निषाद, रामकेवल निषाद पुत्र महाबली तथा माधुरी पत्नी गणेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक तीनों आरोपियों का नाम दहेज हत्या के मुकदमे में सामने आया था और उनकी तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। जांच के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 31 May 2026, 5:24 PM IST