Dowry in Gorakhpur: गोरखपुर में दहेज की मांग! विवाहिता को मारपीट कर निकाला घर से बाहर

गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित नौ ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, बलवा और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Gorakhpur: गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित नौ ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, बलवा और जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में भकसा गांव निवासी सुनरावती पुत्री केशव गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी 9 दिसंबर 2020 को चडराव गांव निवासी अवधेश गुप्ता पुत्र अर्जुन गुप्ता के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। विवाह के दौरान उसके परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब दो लाख रुपये नकद, जेवरात तथा अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिया था।

विवाहिता का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के कुछ समय बाद ही पति और अन्य परिजन दहेज को लेकर ताने देने लगे। आरोपियों का कहना था कि लड़की पक्ष ने उनकी प्रतिष्ठा के अनुरूप दहेज नहीं दिया है। इसके बाद उससे मायके से पांच लाख रुपये नकद और एक पल्सर बाइक लाने की मांग की जाने लगी। जब उसने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी तो उन्होंने आर्थिक असमर्थता जताई।

पीड़िता के अनुसार दहेज की मांग पूरी न होने पर 2 फरवरी 2021 को पति और अन्य ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की तथा घर से निकाल दिया। इस दौरान उसके जेवर भी छीन लिए गए। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसके बाद उसे पुनः ससुराल भेजा गया।

लेकिन वहां पहुंचने के बाद भी दहेज की मांग और प्रताड़ना का सिलसिला नहीं रुका। आरोप है कि लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के बाद उसे फिर से घर से बाहर कर दिया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सहजनवा पुलिस ने पति अवधेश गुप्ता, जेठ अभिमन्यु गुप्ता और अरविंद गुप्ता, सास इंद्रावती, देवर अखिलेश गुप्ता और दीपक गुप्ता, जेठानी शीला देवी, अन्नू गुप्ता तथा ससुर अर्जुन गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  31 May 2026, 8:10 PM IST

Advertisement