हिंदी
यूपी की सभी छोटी बड़ी खबरें पढ़ें एक साथ (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow/New Delhi: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
इस लाइव ब्लॉग में आपको उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना, राजनीतिक हलचल, अपराध, खेल और हर जरूरी घटनाक्रम पढ़ने को मिलेगा।
उत्तर प्रदेश के बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। निदेशालय, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात 9 जिला कार्यक्रम अधिकारियों (DPO) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। यह तबादले वर्ष 2026-27 की स्थानांतरण नीति के तहत किए गए हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ से बात करते हुए सूर्या की मां ने बताया, "मेरे बेटे पर करीब 6 लड़कों ने हमला किया। किसी ने हाथ पकड़े तो किसी ने पैर। ताबड़तोड़ हमला कर उन हैवानों ने मेरे बेटे को मार दिया। हमले के दौरान सूर्या के दोस्त बचाने के लिए दौड़े तो आरोपियों ने उनको भी जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद सूर्या के दोस्त और भाई ने उसको अस्पताल में एडमिट करवाया। जब मेरा बेटा तड़प रहा था, उनके अंतिम शब्द रहे- I Love You Bhai."
समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जो महंगाई बढ़ी है, उससे जनता बहुत परेशान है। अब समाजवादी पार्टी के लोग जनता से मिलकर इस भारतीय जनता पार्टी को हटाना ही पड़ेगा। भाजपा वाले तुष्टिकरण की नीति अपना रहे हैं। पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि वहां चुनाव में भी बेईमानी की गई। अब वहां सत्ता पक्ष के लोगों द्वारा विपक्ष के लोगों पर गुंडागर्दी की जा रही है। सरकार के इशारे पर सब कुछ कराया जा रहा है। सांसदों के साथ इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुज़फ़्फ़रनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा गांव से 18 मई से लापता विकसित उर्फ रॉकी के मामले में रविवार को बड़ा मोड़ आ गया है। कई दिनों तक गुमशुदगी के रूप में चल रहे इस मामले में पुलिस ने रॉकी की दूसरी पत्नी रेणु, उसके बेटे बादल, पुत्रवधू निशा और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रॉकी का अपहरण कर उसकी हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया गया है। वहीं पुलिस की पांच टीमें मामले की जांच में जुटी हैं और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
सुल्तानपुर के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित लोहरामऊ ब्रिज के पास हुए सड़क हादसे में घायल दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी थी, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया। वहीं तीसरे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सीतापुर के बट्सगंज स्थित आरोग्य हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद प्रसूता की मौत के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है, जिसमें अस्पताल संचालक और डॉक्टरों की कथित लापरवाही सामने आने की बात कही गई है। रिपोर्ट के आधार पर डिप्टी CMO की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग और निजी अस्पतालों में चर्चा तेज हो गई है। अब पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की आगे की जांच में जुटे हैं।
फतेहपुर जिले में सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिम्मतपुर गांव से चंद्रिकन घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा लोडर ललौली थाना क्षेत्र के शिवरी नहर के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में 2 बच्चों समेत 10 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य किया गया।
सूर्या को इंसाफ दिलाने के लिए भारी संख्या में भीड़ भीड़ सूर्य के घर पर मौजूद हैं। जहां एक तरफ 31 मई की सुबह करीब 3:00 बजे पुलिस ने मुख्य आरोपी असद को एनकाउंटर में ढेर कर दिया तो वहीं दूसरी तरफ अभी भी हिंदू समाज के लोग पुलिस के इस कार्य से पूरी तरीके संतुष्ट नहीं है। हिंदू संगठनों का कहना है कि असद के मरे हुए की फोटो कहां है? जब तक फोटो सामने नहीं आ जाएगी, तब तक कैसे विश्वास होगा कि असद को एनकाउंटर में मार दिया गया है।
कानपुर के पॉश इलाके लाजपत नगर स्थित एक अपार्टमेंट में रविवार को ऐसा दृश्य सामने आया जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। एक रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी का शव पांच दिनों तक फ्लैट के अंदर पड़ा रहा, जबकि उनकी बहन उसी घर में मौजूद थीं। मामले का खुलासा तब हुआ जब फ्लैट से तेज दुर्गंध आने लगी और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो कमरे में पड़ा शव और सदमे में मिली बहन को देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के समधन नगर में बिजली विभाग की जर्जर एचटी लाईन टूटने से एक संविदा कर्मी की मौत हो गई। संविदा कर्मी खेत से घास लेने गया था, इसी दौरान वह टूटे तार से चिपक गया और उसकी मौत हो गई। संविदा कर्मकी की मौत से गुस्साये लोगों ने कन्नौज फर्रुखाबाद मार्ग जाम किया। मृतक समधन नगर पंचायत में सफाई कर्मी के पद पर तैनात था। तीन दिन पहले आयी आंधी में 11 हजार वोल्ट लाइन का तार टूट गया था।
कन्नौज: बिजली विभाग की जर्जर टूटी एचटी लाईन ने ली एक की जान, खेत से घास लेने गये संविदा कर्मी की टूटे तार में चिपककर मौत, तीन दिन पहले आयी आंधी में टूटा था 11 हजार वोल्ट लाइन का तार, हादसे से गुस्साए परिजनों ने शव रखकर कन्नौज फर्रुखाबाद मार्ग किया जाम, एसडीएम, सीओ भारी फोर्स के… pic.twitter.com/ZQeRvirGGh
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 31, 2026
बलिया के थाना नगरा पुलिस ने रविवार को क्षेत्र में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस गिरफ्तार चोरों से चोरी की कुल 5 दोपहिया वाहनों व उनके पार्ट्स बरामद किए। अभियुक्तों के कब्जे से मोटरसाइकिल खोलने वाले कटर, इलेक्ट्रॉनिक टूल बॉक्स समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में पवन खरवार, मुन्ना गोंड़ और मुन्ना गोंड़ शामिल हैं।
महराजगंज जनपद के कोल्हुई स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर रविवार दोपहर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. नवनाथ प्रसाद ने औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक पहुंचने की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप की स्थिति बन गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और मौजूद कर्मचारियों से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने कई निर्देश भी दिये।
राजधानी लखनऊ में पुलिस मुख्यालय के सामने दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। पीजीआई से हाईकोर्ट की ओर जा रहे चालक सचिन को दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने रोक लिया और चाकू मारकर 21,800 रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित सचिन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
उत्तर प्रदेश के राजस्व विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। 1990 बैच की IAS अधिकारी अर्चना अग्रवाल को राजस्व परिषद का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वहीं अपर्णा यू को राजस्व विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके अलावा कंचन वर्मा को राजस्व परिषद का सचिव नियुक्त किया गया है।
कानपुर के किदवई नगर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद ने एक बेहद दर्दनाक मोड़ ले लिया। जानकारी के अनुसार एक महिला अपने प्रेमी के गोदाम में पहुंची, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी विवाद के दौरान स्थिति इतनी बिगड़ गई कि महिला ने आक्रोश में आकर गोदाम में रखी अलमारी के पास ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया और आग लगा दी। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई।
मथुरा-वृंदावन परिक्रमा मार्ग में एक युवती के साथ मनचलों द्वारा अभद्रता करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिक्रमा कर रही युवती पर कुछ युवकों ने पानी की बोतल फेंक दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मनचलों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

मुरादाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में NIA के DSP ईशान मेहरा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ईशान मेहरा अपनी राजस्थान निवासी महिला मित्र के साथ स्पोर्ट्स बाइक से उत्तराखंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक पीछे से तेज रफ्तार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश में माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत 33,401 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सरकार के अनुसार 2012 से 2017 के बीच भर्ती प्रक्रिया लगभग ठप पड़ी रही थी, जिसे अब मिशन मोड में पूरा किया गया है। इस भर्ती में 27,297 टीजीटी (Trained Graduate Teacher) और 5,321 प्रवक्ताओं का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित रही है।
हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सड़क ही अखाड़े में बदल गई। दोनों पक्षों ने खुलेआम एक-दूसरे पर हमला कर दिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मारपीट के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मुजफ्फरनगर में एसएसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान थाना तितावी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए हैं। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, चाकू और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य दिन में रेकी कर रात में ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
हमीरपुर में सुमेरपुर के पावर हाउस के सामने दो दिन गुजर जाने के बाद भी विद्युत व पानी व्यवस्था नही सुधर सकी। आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 34 में लगाया लगाया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लगी लंबी कतारें लग घई। महिलाओं ने बीच सड़क में पेड़ डाल कर मोर्चा सँभाला ।
महराजगंज में अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत घुघली पुलिस और एआरटीओ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओवरलोड सफेद बालू लदे दो ट्रकों को ARTO ने सीज कर दिया। दोनों वाहनों के चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में वाहन संख्या UP 57 BT 8508 तथा UP 41 AT 2700 पर ओवरलोड सफेद बालू लदा पाया गया। पूछताछ के दौरान वाहन चालकों से परिवहन संबंधी वैध अभिलेख और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई भी संतोषजनक एवं वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेजों के अभाव और अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर पुलिस एवं परिवहन विभाग की टीम ने दोनों ट्रकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज कर दिया।
बदायूं के दातागंज बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार बाइक ने राहगीर महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। मोहल्ला अरेला निवासी शहनाज पत्नी मोहम्मद इलियास 35 साल अपने पति के साथ निजी वाहन से दातागंज से उसहैत थाना क्षेत्र के भद्रा गांव रिश्तेदारी में जा रही थीं। दातागंज बस स्टैंड के पास पहुंचते ही तेज गति से आ रही बाइक ने शहनाज को टक्कर मार दी। हादसे में शहनाज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल शहनाज को तुरंत दातागंज सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद शहनाज को मृत घोषित कर दिया
फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना छेत्र में शाह चौकी टोल टैक्स के समीप एक तेज रफ्तार टीयूवी कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायलों की पहचान 32 वर्षीय राहुल गुप्ता पुत्र राजा राम गुप्ता और 70 वर्षीय राजा राम गुप्ता पुत्र स्वर्गीय अनन्तराम गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों शाह कस्बे के निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में दसवां मील क्षेत्र में रह रहे हैं।
फतेहपुर में चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। गरीब लोगों को प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराया जा रहा था। बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके से धार्मिक पुस्तकें को बरामद किया। बताया जाता है कि आरोपी 30 से ज्यादा लोगों का धर्म परिवर्तन कराने वाले थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जनपद मैनपुरी में बिजली के संकट को लेकर आम जनमानस त्राहि- त्रहि कर रहा है, तो वही किसानों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। डाइनामाइट न्यूज़ से खास बातचीत करते हुए मैनपुरी के लोगों ने बताया है कि बिजली न आने के कारण उनकी फैसले सूख रही है और किसान परेशान है। लोगों ने यह भी बताया है कि पूरे दिन में 8 से 10 घंटे तक ही बिजली मिल पाती है, जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी तो बिजली पर्याप्त मात्रा में मिल रही थी लेकिन जब से भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है तब से बिजली का संकट गहराता जा रहा है।
मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी परिवार एवं पाल, बघेल, धनगर समाज द्वारा विधानसभा सदर मैनपुरी क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शेलू पाल पूर्व सभासद राजा का बाग, राघवेंद्र पाल प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग बबलू पाल के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लेकर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धासुमन अर्पित किए। शोभायात्रा के दौरान अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों, समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। आयोजकों ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में जनकल्याण, धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
देवरिया जनपद का रुद्रपुर बस स्टेशन परिसर इन दिनों गंदे पानी और जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। बस स्टेशन के अंदर जगह-जगह जमा सड़े और गंदे पानी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। आलम यह है कि यात्रियों को बस पकड़ने के लिए गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि लंबे समय से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बस स्टेशन परिसर तालाब में तब्दील हो गया है। गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण यात्रियों का वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है। वहीं मच्छरों की बढ़ती संख्या से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।
देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर विद्युत टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तरकुलवा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्रसिद्ध कॉमेडियन और अभिनेता सुनील ग्रोवर ने अपनी पत्नी के साथ मोहब्बत की निशानी Taj Mahal का दीदार किया। “गुत्थी” और “डॉ. मशहूर गुलाटी” जैसे लोकप्रिय किरदारों से घर-घर में पहचान बनाने वाले सुनील ग्रोवर आम पर्यटक की तरह ताजमहल पहुंचे। खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी पहचान को सामान्य रखने के लिए मास्क लगाया हुआ था, जिससे शुरुआत में अधिकांश पर्यटक उन्हें पहचान नहीं सके। इस दौरान उन्होंने ताजमहल की खूबसूरती को करीब से निहारा और कई यादगार तस्वीरें भी खिंचवाईं। सूरज की पहली किरणों के साथ सफेद संगमरमर पर पड़ती सुनहरी आभा ने उनके अनुभव को और भी खास बना दिया।
आगरा के खेरिया मोड़ चौराहा और ईदगाह बस स्टैंड को जोड़ने वाला रेलवे ओवर ब्रिज भारी वाहनों के लिए बंद होने जा रहा है। एक जून से यह आदेश प्रभावी हो जाएगा। एक जून से भारी वाहनों को डायवर्ट होकर निकाला जाएगा तो वही यातायात पुलिस ने भी इसको लेकर अपनी रूपरेखा तैयार कर ली है। एक जून के बाद इस पुल से भारी वाहन न गुजरे इसके लिए यातायात पुलिस ने अपनी कार्य योजना तैयार कर ली है। रेलवे ओवर ब्रिज के दोनों ओर बोर्ड भी लगा दिया गया है जिसपर लिखा है कि एक जून से इस पुल से भारी वाहनों का गुजरना वर्जित है। अगर किसी ने कानून तोड़ा तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बदायूं में लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने पर सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी ने इसे भाजपा सरकार का तुगलकी फरमान बताते हुए तीखा विरोध जताया है। पाल समाज और सपा कार्यकर्ताओं ने 31 मई को अहिल्या बाई होल्कर जयंती पर बदायूं में एक बड़े कार्यक्रम की तैयारी की थी। आयोजकों का आरोप है कि प्रशासन ने अंतिम समय पर अनुमति देने से इनकार कर दिया। सपा नेताओं का कहना है कि कई दिनों तक अधिकारियों ने भरोसा दिया, लेकिन भाजपा सरकार के दबाव में रोक लगा दी गई।
बदायूं के कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव बीघा नगला में कथित नकली शराब पीने से 52 वर्षीय किसान सुरेश पाल सिंह की मौत हो गई। घटना शनिवार शाम की है। परिजन गंभीर हालत में उन्हें बिसौली के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक सुरेश पाल सिंह पुत्र मुंशी सिंह खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को गांव की एक दुकान से शराब पीकर लौटे। कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, चक्कर और बेचैनी की शिकायत के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें बिसौली के निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने देर रात्रि जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कानपुर के बर्रा विश्व बैंक ई-ब्लॉक इलाके में पेयजल संकट से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने पेयजल टंकी के सामने प्रदर्शन कर नगर निगम के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से पानी की आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों को दूर-दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर लोगों ने महापौर, नगर आयुक्त और स्थानीय पार्षद के खिलाफ भी आक्रोश व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गंगा नदी में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा अरवल थाना क्षेत्र के निकामदपुर गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
गाजियाबाद जिले में भी बड़ा बदलाव किया गया है। डॉ. सचिन चंद्र वैश्य को जिले का नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
यूपी स्वास्थ्य विभाग में हुए बड़े फेरबदल के तहत अंबेडकरनगर जिले को नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी मिला है। जारी तबादला सूची के अनुसार डॉ प्रमोद कुमार को अंबेडकरनगर का CMO नियुक्त किया गया है। प्रदेश सरकार ने 21 से अधिक जिलों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस प्रशासनिक बदलाव को स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों के पेपर लीक विरोधी आंदोलन के बाद Exampur कोचिंग सेंटर को सील किए जाने का मामला चर्चा में है। जानकारी के अनुसार, 29 मई को आयोजित पेपर लीक विरोधी प्रदर्शन में कोचिंग संचालक विवेक सर भी शामिल हुए थे। आरोप है कि इसके बाद नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ पहुंची और कोचिंग सेंटर को सील कर दिया। इस कार्रवाई से प्रतियोगी छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्रों का कहना है कि पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है।
कन्नौज में जर्जर हाई टेंशन (एचटी) बिजली लाइन के करंट की चपेट में आने से एक सफाई कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले आई आंधी के दौरान बिजली का तार टूटकर नीचे झूल रहा था, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं की गई। इसी लापरवाही के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर कन्नौज-फर्रुखाबाद मार्ग को जाम कर दिया। करीब दो घंटे से जाम लगा है, जिससे भीषण गर्मी में यात्री परेशान हैं। परिजन 20 लाख रुपये मुआवजे और मृतक की पत्नी को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

सीतापुर में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। विवाहिता काजल की शादी को अभी ज्यादा समय नहीं हुआ था और वह लगभग एक माह पहले ही ससुराल आई थी। बताया जा रहा है कि शादी के तुरंत बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। बाद में मायके पक्ष के हस्तक्षेप से दोनों के बीच सुलह भी कराई गई थी। घटना रामपुर कला थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव की है। मृतका की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए इसे दहेज हत्या बताया है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

कानपुर के साढ़ कुड़नी मार्ग स्थित बरईगढ़ में रामगंगा नहर का अंग्रेजों के जमाने का पुराना पुल अचानक ढह गया। पुल बीच से टूटकर सीधे नहर में गिर गया, हालांकि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने नहर विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि तेज पानी के बहाव से पुल की नींव कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

बहराइच के दरगाह थाना क्षेत्र के मंसूरगंज निवासी हिस्ट्रीशीटर अखलाक अहमद उर्फ मुन्ना को लखनऊ एएनटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। मुन्ना पर हत्या, डकैती और तस्करी जैसे गंभीर मामलों में कई एफआईआर दर्ज हैं। गोवा में दर्ज एनडीपीएस मामले में उसकी गिरफ्तारी की गई है। बहराइच में वह ‘मुन्ना शूटर’ के नाम से कुख्यात रहा है।
आगरा में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर गांव-गांव में प्याऊ की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, ताकि लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध हो सके। सार्वजनिक स्थलों, पंचायत घरों, चौराहों और प्रमुख रास्तों पर पानी के घड़े रखे गए हैं। इसके साथ ही हैंडपंपों की मरम्मत और री-बोर का अभियान भी तेज कर दिया गया है। पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने हीटवेव एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र एलसी कॉलोनी में बंद कमरे में सीमेंट कंपनी कर्मचारी का शव मिला। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर मामले का खुलासा हुआ। सूचना पर डाला पुलिस पहुंची और शव बरामद किया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मिथिलेश कुमार निवासी सिंगरौली के रूप में हुई है। वह जुलगुल माइंस में पीसी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार शव 4-5 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी है।

गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढखवा गांव में शनिवार देर रात जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। वर्षों पुरानी रंजिश के चलते 26 वर्षीय युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
सिकरीगंज में जमीनी विवाद बना खूनी संघर्ष: 26 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव#GorakhpurNews #SikriGanj #MurderCase #LandDispute #UPCrimeNews #DhakhwaVillage #PoliceInvestigation #BreakingNews #CrimeReport #VillageTension pic.twitter.com/FxaexLFYcj
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 31, 2026
रायबरेली जनपद के चंदापुर क्षेत्र स्थित पूरे चिरेन्धा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बृजेश, रामकेश, चंदा देवी समेत चार लोगों के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मैनपुरी जनपद के थाना बेवर क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर में पुरानी रंजिश के चलते कई राउंड फायरिंग होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक आरोपी राइफल के साथ फायरिंग करते हुए कैमरे में भी कैद हो गया, जिसका फुटेज सामने आया है। ग्रामीणों के अनुसार, दबंग उमेश पर फायरिंग करने का आरोप है। अचानक हुई गोलीबारी से लोग घरों में दुबक गए और गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र में डीजे लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस विवाद को लेकर पहले ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मैनपुरी जनपद के कुर्रा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम भूरेपुर पशुपर में दबंगों द्वारा एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, दबंगों ने पहले ससुर के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर बहू पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी, जिस पर कुर्रा पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना से गांव में तनाव का माहौल है।
हाथरस जनपद के आगरा रोड स्थित भट्टा वाली गली में बिजली कटौती से परेशान एक सैलून संचालक का अनोखा जुगाड़ सामने आया है। लगातार बिजली जाने के कारण काम प्रभावित होने पर संचालक ने मुंह में LED बल्ब फंसाकर बाल काटने और शेविंग करने का तरीका अपनाया। बताया जा रहा है कि वह चार्जिंग वाले बल्ब का उपयोग कर ग्राहकों की सेविंग और कटिंग कर रहा था। इस जुगाड़ का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

Location : Lucknow/New Delhi
Published : 31 May 2026, 9:22 AM IST