हिंदी
थाना कैण्ट पुलिस ने जहरखुरानी कर लूटपाट करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लूट का सामान, 1150 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। पढिए पूरी खबर
जहरखुरानी गैंग का भंडाफोड़
Gorakhpur: थाना कैण्ट पुलिस ने जहरखुरानी कर लूटपाट करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से लूट का सामान, 1150 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सक्रिय इस तरह के गिरोह पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अर्जुन यादव को गिरफ्तार किया। वह आजमगढ़ जनपद के महराजगंज थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना कैण्ट में मुकदमा संख्या 133/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है, जिसमें बाद में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
घटना 21 मार्च 2026 की है, जब पीड़ित व्यक्ति दुबई से गोरखपुर पहुंचा था और अपने घर जाने के लिए एक चारपहिया वाहन में सवार हुआ। वाहन में पहले से मौजूद आरोपी अर्जुन यादव ने रास्ते में उसे पानी पिलाया, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पानी पीते ही पीड़ित बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी और उसके साथियों ने उसके पास से 3000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया तथा उसे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी बेहद सुनियोजित तरीके से इस अपराध को अंजाम देता था। वह खुद को वाहन चालक बताकर अपने साथियों के साथ रोडवेज और रेलवे स्टेशन के बाहर सक्रिय रहता था। गिरोह के सदस्य यात्रियों को गंतव्य तक छोड़ने का झांसा देकर गाड़ी में बैठाते थे और फिर रास्ते में उन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करते थे।
Mainpuri News: Loan के नाम पर घूस! बैंक आफ इंडिया की शाखा बेवर मैनेजर पर 40 हजार लेने का गंभीर आरोप
इस गिरोह की सक्रियता से यात्रियों में भय का माहौल था, जिसे देखते हुए पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों की तलाश में जुटी थी। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश में लगी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि अनजान लोगों के वाहन में बैठने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।