हिंदी
महराजगंज के परसौनी गांव में आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के खिलाफ ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। हाल में करंट लगने से एक मिस्त्री की मौत और एक महिला के घायल होने के बाद लोगों ने डीएम से तार हटाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
हाई वोल्टेज लाइन को हटाने के लिए ग्रामीणों ने किया हंगामा
Maharajganj: महराजगंज के परसौनी गांव में सिर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली लाइन अब ग्रामीणों के लिए डर का दूसरा नाम बन चुकी है। लगातार हो रहे हादसों से नाराज लोगों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मिलकर मांग रखी कि आबादी के बीच से गुजर रही इस जानलेवा लाइन को तुरंत हटाया जाए, क्योंकि हर समय करंट का खतरा बना रहता है।
लोगों की मौतों ने बढ़ाया आक्रोश
ग्रामीणों का कहना है कि इस लाइन की वजह से अब तक दर्जनों लोग झुलस चुके हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में सदिया नाम की महिला करंट की चपेट में आकर घायल हो गई, वहीं 30 जनवरी को प्लास्टर का काम कर रहे मिस्त्री रमन चौहान बिजली के तार की चपेट में आ गए थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और गुस्सा दोनों है।
मुआवजे और लाइन हटाने की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से साफ कहा कि जब तक हाई वोल्टेज लाइन को आबादी से नहीं हटाया जाएगा, तब तक हादसे होते रहेंगे। लोगों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और घायलों के इलाज की व्यवस्था कराने की भी मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
सैकड़ों लोग उतरे सड़क पर
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अनिल जोशी और सपा नेता तैयब अंसारी भी मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रशासन से उम्मीद
ग्रामीणों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या को देखते हुए जल्द निर्णय लेगा। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने ही घरों में बिजली के तार से खतरा महसूस कर रहे हैं।