Pawan Yadav Murder: हिस्ट्रीशीटर लल्ला पर दर्ज हैं कई मुकदमे, एक ही गांव से तीनों आरोपी, जानें क्राइम कुंडली

प्रयागराज के हंडिया में सपा जिला सचिव पवन यादव हत्याकांड में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद करने का दावा किया है। जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 16 September 2026, 1:14 PM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज के हंडिया में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव पवन यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पवन यादव पर गोली चलाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक और तमंचा बरामद करने का दावा किया है।

हिस्ट्रीशीटर लल्ला पर दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच के मुताबिक, जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट समेत कई गंभीर धाराओं में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पवन यादव पर गोली लल्ला ने ही चलाई थी।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के मामले में लल्ला के साथ उसके दो अन्य साथियों की भूमिका भी सामने आई है। तीनों आरोपी गांव के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस बुधवार शाम तक मामले का औपचारिक खुलासा कर सकती है।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

पुलिस की शुरुआती जांच में पवन यादव और जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। मूलरूप से भदोही के रहने वाले जितेंद्र यादव के खिलाफ वर्ष 2022 में हत्या का मामला भी दर्ज हुआ था, जिसमें वह जेल गया था।

पुलिस के अनुसार, जितेंद्र को शक था कि पवन यादव ने उसके खिलाफ पुलिस को सूचना दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। वारदात के समय बाइक से पहुंचे तीन हमलावरों में से एक का हुलिया जितेंद्र यादव से मिलता-जुलता बताए जाने के बाद पुलिस की जांच इस दिशा में आगे बढ़ी।

बाइक और तमंचा बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वह बाइक बरामद करने का दावा किया है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। इसके अलावा हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी साजिश और वारदात में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जानकारी जुटा रही है।

पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस बल तैनात

पवन यादव के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को एसआरएन अस्पताल परिसर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में कराया जा रहा है। सुबह से ही हंडिया, सिविल लाइंस समेत कई थानों की पुलिस फोर्स वहां तैनात रही।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में सपा नेता और हंडिया क्षेत्र के लोग भी मौजूद रहे। हत्या के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर बनाए हुए है।

Location :  Prayagraj

Published :  16 September 2026, 12:59 PM IST

Advertisement