रायबरेली के शिवगढ़ थाना क्षेत्र में स्कूल जाते समय 8 वर्षीय छात्र अनस की माइनर में डूबने से मौत हो गई। शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रायबरेली में 8 साल के बच्चे की मौत
Raebareli: रायबरेली में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला एक मासूम छात्र वापस कभी नहीं लौटा। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ढेकवा गांव में 8 वर्षीय छात्र का शव माइनर से बरामद होते ही गांव में हड़कंप मच गया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
घर से स्कूल के लिए निकला था अनस
मृतक की पहचान अनस पुत्र अलीमुद्दीन के रूप में हुई है, जो प्राथमिक विद्यालय ढेकवा में कक्षा एक का छात्र था। परिजनों के मुताबिक अनस बुधवार सुबह रोज की तरह घर से स्कूल जाने के लिए निकला था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसकी आखिरी सुबह साबित होगी। काफी देर तक जब बच्चा स्कूल नहीं पहुंचा और घर भी वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी।
माइनर में मिला शव, गांव में मचा हड़कंप
कुछ देर बाद गांव के पास शिवगढ़ रजबहा से करीब 500 मीटर दूर कुम्हरावां माइनर में बच्चे का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टर अनिल कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
फिसलने से माइनर में गिरने की आशंका
बताया जा रहा है कि अनस स्कूल जाते समय रास्ते में शौच के लिए रजबहा की तरफ गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया। मासूम खुद को संभाल नहीं पाया और माइनर में डूब गया। यह हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को बचाने का मौका तक नहीं मिल सका।
DN Exclusive: क्या कहता है SIR का इतिहास, चुनाव आयोग ने कब-कब मांगे नागरिकता के सबूत; जानिये सबकुछ
इकलौते बेटे की मौत से परिवार बेसहारा
अनस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता अलीमुद्दीन पेशे से मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत के बाद मां अजमतुन निशा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का दुख देखकर गांव के लोग भी खुद को संभाल नहीं पा रहे हैं। हर आंख नम है और हर जुबान पर बस एक ही सवाल है कि काश समय रहते बच्चा बचा लिया गया होता।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रेमशरन ने पुष्टि की कि बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। शिवगढ़ थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।