बदायूं: करोड़ों की लागत से बनी फोरलेन सड़क गड्ढों में तब्दील, अधिकारी सड़क से गुजरकर भी नहीं लेते कोई खबर

बदायूं जिले के उझानी क्षेत्र में दिल्ली–बदायूं मेन रोड पर करोड़ों रुपये की लागत से बनी फोरलेन सड़क जलनिकासी की कमी से गढ्ढों में तब्दील होने के कारण बन रही हादसों की बड़ी वजह , ग्रामीणों ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाकर जिलाधिकारी को स्थिति से कराया अवगत…पढ़ें पूरी खबर

Updated : 4 February 2026, 9:12 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से हैरान करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। कोतवाली उझानी क्षेत्र के कूड़ा नरसिंहपुर गांव स्थित दिल्ली–बदायूं मेन रोड पर करोड़ों रुपये की लागत से बनी फोरलेन सड़क बदहाल हो चुकी है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लगातार पानी भर रहा है, जिससे जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

पानी भरने से सड़क हुई जर्जर

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कूड़ा नरसिंहपुर गांव में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। बरसात या नालियों का पानी सीधे सड़क पर आ जाता है, जिससे सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। फोरलेन सड़क पर पानी भरने के कारण डामर उखड़ गया है और गहरे गड्ढे बन गए हैं।

रोज हो रहे हादसे

ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।स्थानीय वाहन चालक तो किसी तरह बचकर निकल जाते हैं, लेकिन बाहर से आने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं और दोपहिया वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।

अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारी अक्सर इसी सड़क से गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

ग्राउंड जीरो पर किया गया रियलिटी चेक

हमारे संवाददाता ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की। इस मामले की जानकारी जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय को भी दे दी गई है।

अब कार्रवाई का इंतजार

अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और सड़क की मरम्मत तथा जलनिकासी की व्यवस्था कब तक की जाती है।

 

Location : 
  • Budaun

Published : 
  • 4 February 2026, 9:12 PM IST

Advertisement
Advertisement