

दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें दो कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की यह रिपोर्ट
आगरा में ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ अभियान जारी
आगरा: ताजनगरी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत शनिवार रात आगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें दो कुख्यात अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। जबकि उनके कई साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पहली मुठभेड़ थाना शाहगंज क्षेत्र में हुई। जहां पुलिस ने वाहन चोरी के आरोपी विष्णु कश्यप और उसके साथी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विष्णु कश्यप के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि ये आरोपी क्षेत्र में लगातार वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहे हैं।
फाइनेंस कर्मी से लूट के आरोपी से मुठभेड़
दूसरी मुठभेड़ थाना सैया क्षेत्र में हुई। जहां तीन लुटेरों ने कुछ दिन पहले एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी फिर से वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन उन्होंने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी जिसकी पहचान साहब के रूप में हुई है। वह गोली लगने से घायल हो गया। बाकी दो बदमाश मौके से भागने में कामयाब हो गए। घायल साहब को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि पुलिस उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाल रही है। मुठभेड़ स्थल से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। मुठभेड़ों में घायल दोनों अभियुक्तों से पूछताछ के बाद जल्द ही उनके फरार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध पर नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
क्या है ऑपरेशन लंगड़ा?
"ऑपरेशन लंगड़ा" उत्तर प्रदेश पुलिस का एक विशेष अभियान है। जिसमें पुलिस मुठभेड़ में भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों को टारगेट करती है। आमतौर पर मुठभेड़ में गोली उनके पैरों में मारने की रणनीति अपनाई जाती है। जिससे वे घायल होकर पकड़े जा सकें। इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों में डर पैदा करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।