हिंदी
नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल
Maharajganj: नगर पंचायत पनियरा में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल को उनके ही कार्यालय के एक संविदा कर्मचारी ने अभद्र भाषा में गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अध्यक्ष ने थाना पनियरा में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे जब वे नियमित रूप से कार्यालय पहुंचे, तो पाया कि कार्यालय सहायक दिग्विजय सिंह अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे।
उन्होंने बताया कि जब लगभग 11:15 बजे तक भी दिग्विजय सिंह नहीं पहुंचे, तब भी उनके उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर दर्ज थे। इस पर अध्यक्ष ने नियमों के अनुसार उन्हें अनुपस्थित चिह्नित कर दिया।
अध्यक्ष के अनुसार, इसी बात से नाराज होकर दिग्विजय सिंह ने बाद में निरीक्षण स्थल पर पहुंचकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
Maharajganj: डीजे की प्रतिस्पर्धा बनी सिरदर्द, ग्रामीणों की नींद उड़ी; पुलिस की एंट्री से थमा हंगामा
अध्यक्ष उमेश जायसवाल उस समय नगर पंचायत टीम के साथ वार्ड नंबर 10 के मंगरहिया बाजार और बसडीला छठ घाट का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी दिग्विजय सिंह वहां पहुंचा और बिना किसी वजह के अध्यक्ष पर गाली-गलौज करने लगा। अध्यक्ष ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद नगर पंचायत के कर्मचारी मनोज कुमार पांडेय, अजय कुमार सिंह, गिरिजेश कुमार, बृजेश जायसवाल, सुशील मिश्रा और अनुप ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
नगर पंचायत पनियरा कार्यालय
घटना के दौरान निरीक्षण का वीडियो बना रहे कर्मचारी अखिलेश को भी आरोपी दिग्विजय सिंह ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और उसे भी जान से मारने की धमकी दी। अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी की यह हरकत न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि यह लोकसेवा की मर्यादा और कानून का उल्लंघन भी है।
थानाध्यक्ष पनियरा ने बताया कि अध्यक्ष उमेश जायसवाल की तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, "आरोपी दिग्विजय सिंह पूर्व में भी कई बार दुर्व्यवहार कर चुका है। अध्यक्ष की तहरीर पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोप प्रमाणित होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में संबंधित गवाहों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश जायसवाल ने कहा कि सरकारी कार्यालय में अनुशासन का पालन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अगर एक कर्मचारी इस तरह का व्यवहार करेगा, तो यह पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए गलत संदेश देगा। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर निलंबन और विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई अन्य कर्मचारी ऐसी हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।
Maharajganj News: एसपी सोमेंद्र मीना ने पनियरा विसर्जन स्थल पर बढ़ाई सुरक्षा, दिए कड़े आदेश
सूत्रों के अनुसार, जिला प्रशासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने कहा है कि इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Location : Maharajganj
Published : 24 October 2025, 5:59 PM IST