हिंदी
पुलिस ने साइबर ठग को किया गिरफ्तार
Gorakhpur: जनपद की थाना राजघाट पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर ऑनलाइन ठगी के शिकार व्यक्ति को बड़ी राहत मिली है। साइबर अपराधियों द्वारा क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर एक युवक से हजारों की धोखाधड़ी की गई। पीड़ित से ₹33,325 की रकम उड़ा ली गई थी, जिसे पुलिस ने सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए वापस दिला दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उससे ₹33,325 ट्रांसफर करा लिया।
शिकायत मिलते ही थाना राजघाट पुलिस हरकत में आ गई और साइबर सेल टीम के साथ मिलकर मामले की गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि ठगों ने उक्त रकम का इस्तेमाल ऑनलाइन गोल्ड खरीदने में किया था। इस पर साइबर नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा ने तत्काल संबंधित कंपनी के नोडल अधिकारी से संपर्क स्थापित किया। समय रहते डिलीवरी को रोक दिया गया, जिससे ठग अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
गोरखपुर में खौफनाक वारदात: पूर्व पार्षद को घेरकर… गुस्साई भीड़ ने किया रोड जाम
पुलिस टीम ने आवश्यक तकनीकी समन्वय करते हुए पूरी प्रक्रिया को ट्रैक किया और अंततः पीड़ित की पूरी रकम ₹33,325 उसके क्रेडिट कार्ड में रिफंड करा दी। इस कार्रवाई से न केवल पीड़ित को राहत मिली, बल्कि साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी गया।
इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक पंकज गुप्ता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद राय, उपनिरीक्षक वैभव विश्वकर्मा (साइबर नोडल) और कंप्यूटर ऑपरेटर हेड कांस्टेबल राम प्रकाश चौधरी की अहम भूमिका रही।
गोरखपुर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, मंडलायुक्त ने अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत NCRP पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
गौरतलब है कि समय पर दी गई सूचना और पुलिस की तत्परता से ही ऐसे मामलों में सफलता मिलती है।
Location : Gorakhpur
Published : 17 March 2026, 10:49 PM IST
Topics : GKP news hindi Gorakhpur Dn news up news hindi