
युवक ने लगाया गंभीर आरोप
Kolhui (Maharajganj): महराजगंज जिले का कोल्हुई थाना एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। शनिवार सुबह लगभग 9 बजे ग्राम धोतियहवा, थाना नौतनवां निवासी अनिल कुमार सिंहपुर जा रहे थे। उनकी ट्रैक्टर-ट्राली पर बालू लदा था। भररोहिया गांव के पास अचानक कोल्हुई थाने की पुलिस ने वाहन को रोक लिया।
अनिल कुमार का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनसे मोटी रकम की मांग की। लेकिन जब उन्होंने पैसे देने से इंकार कर दिया तो पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को अवैध बताते हुए सीज कर दिया। अनिल का कहना है कि यह सीधी-सीधी उत्पीड़न की कार्रवाई है।
अनिल कुमार ने बताया कि इस समय नदियों में पानी भरा होने की वजह से खनन संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने गिट्टी, बालू और सरिया के प्लॉट से ग्राहक के लिए बालू ले जा रहे थे। ऐसे में अवैध बालू का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने पुलिस के इस रवैये को आम जनता के शोषण और भ्रष्टाचार की ओर इशारा बताया।
इस पूरे मामले में पुलिस ने अपने पक्ष में सफाई दी है। मुड़ली चौकी के दरोगा अंजनी कुमार का कहना है कि वाहन चालक ने ट्रैक्टर-ट्राली और बालू से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखाए। इसी वजह से कार्रवाई की गई। वहीं, कोल्हुई थाने के प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार सिंह का कहना है कि बालू अवैध था और इस तरह के लोग अक्सर खनन में सक्रिय रहते हैं, इसलिए ट्रैक्टर-ट्राली को सीज किया गया।
गौरतलब है कि कोल्हुई थाना पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रहा है। कभी अवैध वसूली तो कभी मनमानी कार्रवाई को लेकर यहां की पुलिस पर सवाल उठते रहे हैं। यह नया मामला भी पुलिस की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
Location : Maharajganj
Published : 17 August 2025, 5:08 PM IST
Topics : Controversies News crime news Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police UP News