बंजर भूमि पर दबंगों का कब्जा: लेखपाल की रोक के बावजूद जारी है अवैध निर्माण, जानें पूरी खबर

बस्ती में बंजर भूमि पर जबरन अवैध निर्माण को लेकर ग्रामीणों में बढ़ा आक्रोश। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 22 June 2025, 6:46 PM IST
google-preferred

बस्ती: यूपी के बस्ती जिले के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर से बंजर भूमि पर जबरन अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। जहां स्थानीय लेखपाल द्वारा निर्माण रोकने के स्पष्ट निर्देशों और शिकायतों के बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है और प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह मामला ग्राम रामपुर के गाटा संख्या 333म से जुड़ा है, जो राजस्व अभिलेखों में बंजर भूमि के रूप में दर्ज है। जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी इबरार पुत्र ऐश मोहम्मद इस जमीन पर जबरिया कब्जा कर पक्का निर्माण करवा रहे हैं। हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया था और यह स्पष्ट किया था कि बंजर भूमि की पैमाइश के बाद ही कोई भी निर्माण कार्य किया जा सकता है।

बगल की जमीन का फायदा उठाकर बढ़ाया कब्जा

वहीं बताया जा रहा है कि इबरार और उनके परिजनों ने बगल की निजी जमीन होने का फायदा उठाकर धीरे-धीरे बंजर जमीन पर निर्माण कार्य बढ़ा दिया है। इसके विरोध में शमशाद अहमद पुत्र इबरार अहमद ने भी लिखित रूप में प्रशासन से निर्माण रुकवाने की मांग की थी। बावजूद इसके निर्माण कार्य पूर्ववत जारी है और रोजाना दीवारें और ढांचे खड़े किए जा रहे हैं।

प्रशासन और पुलिस को दी गई शिकायत

लेखपाल ने पूरे मामले की जानकारी मुण्डेरवा थाना की रामपुर चौकी प्रभारी और बस्ती तहसील के अधिकारियों को दी है। शिकायत में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि गाटा संख्या 333म बंजर भूमि है और इस पर किसी भी प्रकार का निजी निर्माण गैरकानूनी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई न होने से निर्माणकर्ता के हौसले बुलंद हैं।

बाहुबली बनकर कर रहे कब्जा

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इबरार और उनके सहयोगी अपने आप को बाहुबली और रसूखदार बताकर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। वे न सिर्फ बंजर भूमि पर कब्जा कर रहे हैं, बल्कि विरोध करने वालों को धमका भी रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक उदासीनता के चलते दबंगों का मनोबल बढ़ा है। गांव के अन्य लोगों ने जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Location : 
  • Basti

Published : 
  • 22 June 2025, 6:46 PM IST