Noida Double Death: वेलेंटाइन डे पर खत्म हुई 15 साल पुरानी लव स्टोरी, कार में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव

नोएडा के सेक्टर-107 में वेलेंटाइन डे पर एक कार से प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों 15 साल से रिश्ते में थे, लेकिन शादी को लेकर परिवारों का विरोध और हालिया विवाद इस दर्दनाक अंत की वजह माना जा रहा है। पुलिस अवैध पिस्टल, मोबाइल डेटा और वायरल मैसेज की जांच कर रही है। जबकि परिजनों ने पहले से शिकायत होने के बावजूद कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 February 2026, 12:57 PM IST
google-preferred

Noida: वेलेंटाइन डे की रात प्यार की कहानी खून में खत्म हो जाएगी। यह किसी ने सोचा भी नहीं था। नोएडा के सेक्टर-107 में सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर प्रेमी-प्रेमिका की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कार के भीतर युवक के हाथ में पिस्टल थी और दोनों के सिर में गोली लगी हुई थी। शुरुआती जांच में मामला मर्डर-सुसाइड का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है।

परिवार का विरोध, रिश्ते में दरार

दिल्ली के त्रिलोकपुरी का रहने वाला सुमित और सलारपुर की रहने वाली रेखा करीब 15 साल से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके खिलाफ था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार झगड़ा हुआ और मामला थाने तक भी पहुंचा। कुछ महीने पहले युवती की शादी कहीं और तय होने की खबर से विवाद बढ़ गया था। शुक्रवार शाम दोनों अपने-अपने घर से निकले और फिर वापस नहीं लौटे। रात में दोनों की मुलाकात हुई और वे कार में साथ घूमते रहे। जिसके बाद यह वारदात सामने आई।

वायरल मैसेज और आरोप-प्रत्यारोप

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल हो रहा है। जिसमें आत्महत्या के लिए युवती को जिम्मेदार बताया गया है। मैसेज को सुमित का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही। युवक के परिवार का कहना है कि उसने युवती के लिए घर तक खरीदा था, जबकि युवती के घर वालों का आरोप है कि सुमित उसे परेशान करता था और पहले लिखित माफी भी दे चुका था। दोनों परिवारों के आरोपों ने मामले को और उलझा दिया है।

कार बनी क्राइम सीन

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो कार लॉक थी और अंदर दोनों लहूलुहान पड़े थे। कार से अवैध पिस्टल और दो खाली खोखे मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने खून के नमूने और अन्य सबूत जुटाए हैं। बैलिस्टिक जांच से गोली की दिशा और दूरी का पता लगाया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों ने शराब की बोतल होने की बात कही, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

पुलिस जांच पर उठे सवाल

दोनों के परिजनों ने पहले ही गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती के परिवार का आरोप है कि समय रहते तलाश तेज होती तो शायद जान बच सकती थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और वायरल मैसेज की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर केस को देखा जा रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों का इंतजार है, जो इस 15 साल पुरानी प्रेम कहानी के आखिरी सच को सामने लाएंगे।

Location : 
  • Noida

Published : 
  • 15 February 2026, 12:57 PM IST

Advertisement
Advertisement