गोरखपुर: सहजनवां में घर से निकली 10वीं की छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता, गांव में मचा हड़कंप

जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के खजुरही उर्फ जोगिया गांव में एक 14 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता हो जाने से परिजनों में चिंता का माहौल है। किशोरी 10वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है, जो रोज की तरह घर से निकली थी लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। पढ़ें पूरी खबर

गोरखपुर: जनपद के सहजनवां थाना क्षेत्र के खजुरही उर्फ जोगिया गांव में एक 14 वर्षीय किशोरी के अचानक लापता हो जाने से परिजनों में चिंता का माहौल है। किशोरी 10वीं कक्षा की छात्रा बताई जा रही है, जो रोज की तरह घर से निकली थी लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने पहले अपने स्तर से रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी तलाश की, लेकिन जब कहीं कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

क्या है पूरी खबर?

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी हरेंद्र प्रताप मल्ल की बेटी 10 फरवरी को घर से निकली थी। शुरुआत में परिवार वालों को लगा कि वह किसी सहेली के यहां गई होगी, लेकिन काफी देर तक वापस न आने पर परिजन परेशान हो गए। परिवार ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और संभावित स्थानों पर खोजबीन की, फिर भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद पीड़ित पिता ने थाना पहुंचकर तहरीर दी।

गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर लिया है और किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में खोज अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि छात्रा के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

प्रशासन से जल्द खोजबीन की मांग

परिजन लगातार बेटी की सुरक्षित वापसी की दुआ कर रहे हैं और प्रशासन से जल्द खोजबीन की मांग कर रहे हैं। गांव के लोग भी परिवार के साथ खड़े नजर आए और जल्द से जल्द छात्रा के मिलने की उम्मीद जताई। पुलिस टीम मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी जांच कर रही है ताकि छात्रा का पता लगाया जा सके।

छात्रा का कोई ठोस सुराग नहीं...

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है और हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है। फिलहाल छात्रा का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटना से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 14 February 2026, 7:44 PM IST

Advertisement
Advertisement