महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों की औचक उपस्थिति जांची। कई वरिष्ठ अधिकारी और बीडीओ गैरहाजिर पाए गए, जिन पर स्पष्टीकरण जारी कर जनसुनवाई को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण में बड़ा खुलासा
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को चुस्त-दुरुस्त बनाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शुक्रवार सुबह 10:10 बजे एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने जिलास्तरीय, तहसीलस्तरीय और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति की औचक जांच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की।
जांच में कई अधिकारी गैरहाजिर
वीसी के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक अधिकारी का नाम लेकर कार्यालय में उनकी वास्तविक मौजूदगी को वीडियो कॉल पर परखा। इस अचानक हुई जांच में कई अधिकारी गैरहाजिर पाए गए। ब्लॉक स्तर पर बीडीओ लक्ष्मीपुर मृत्यंजय यादव, बीडीओ धानी माधुरी देवी, बीडीओ परतावल संतोष यादव, बीडीओ घुघली राजकुमार अनुपस्थित मिले।
वीसी में शामिल नहीं...
वहीं जिलास्तरीय अधिकारियों में डीसी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन मोहम्मद जाकिर, उपनिदेशक कृषि संजीव कुमार, जिला उद्यान अधिकारी, डायट प्राचार्य, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और डीसी राज्यकर भी वीसी में शामिल नहीं हुए।
लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए...
जिलाधिकारी ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारियों को तत्काल स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक अधिकारी को अनिवार्य रूप से सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करनी होगी और आम जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।
प्रशासनिक अनुशासन
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जनपद में लोगों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। कार्यालय समय से अनुपस्थिति और जनसुनवाई में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की औचक उपस्थिति जांच वीसी के माध्यम से जारी रहेगी, ताकि प्रशासनिक अनुशासन बना रहे।