T20 World Cup 2026: विश्व कप में बड़ा उलटफेर, जिम्बाव्बे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया, जानिये कैसे पलटी बाजी

आज कोलंबो में खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-B मुकाबले में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। 170 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम लड़खड़ा गई और अहम अंक गंवा बैठी। इस हार से ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर खिसक गई, जबकि जिम्बाब्वे 4 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई।

Updated : 13 February 2026, 2:51 PM IST
google-preferred

Colombo: टी20 वर्ल्ड कप में शुक्रवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया की टीम को जिम्बाव्बे के हाथों करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया के स्टैंड-इन कप्तान ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का संतुलन दिखाते हुए 20 ओवर में 169/2 का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा कर दिया। टीम के लिए ब्रायन बेनेट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 64 रन बनाए और पारी को स्थिरता दी।

मध्य ओवरों में कप्तान सिकंदर रज़ा ने सिर्फ 13 गेंदों में 25 रन की तेज पारी खेलकर रन गति बढ़ाई। खास बात यह रही कि जिम्बाब्वे ने सिर्फ दो विकेट गंवाए, जो पहले बल्लेबाजी करते हुए दो या उससे कम विकेट खोकर बनाया गया सबसे कम कुल स्कोर का नया रिकॉर्ड भी बन गया। इसके बावजूद टीम ने ऑस्ट्रेलिया के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करते हुए लड़खड़ाई ऑस्ट्रेलिया

170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे रन गति बनाए रखना मुश्किल हो गया। टिम डेविड की वापसी से मध्यक्रम को कुछ मजबूती मिली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके।

मैच के दौरान ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस के चोटिल होने से टीम का संतुलन और बिगड़ गया। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में लक्ष्य से 23 रन पीछे रह गई। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने अनुशासित लाइन-लेंथ के साथ दबाव बनाए रखा और ऑस्ट्रेलिया को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

पॉइंट्स टेबल पर बड़ा असर

इस हार का ग्रुप-B की अंक तालिका पर सीधा असर पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया दो महत्वपूर्ण अंक गंवाकर तीसरे स्थान पर खिसक गई है और उसका नेट रन रेट +1.100 हो गया है। वहीं जिम्बाब्वे लगातार दो जीत के साथ 4 अंक और +1.984 नेट रन रेट लेकर दूसरे पायदान पर पहुंच गई है।

ग्रुप में श्रीलंका पहले से ही दो जीत के साथ शीर्ष पर बनी हुई है, जिससे ऑस्ट्रेलिया के लिए सुपर-8 में पहुंचने की राह अब और चुनौतीपूर्ण हो गई है। ऑस्ट्रेलिया का अगला मुकाबला श्रीलंका से होगा, जो उसके लिए करो या मरो जैसा साबित हो सकता है।

जिम्बाब्वे की यह जीत टूर्नामेंट के सबसे बड़े उलटफेरों में गिनी जा रही है। अनुशासित बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी के दम पर टीम ने साबित कर दिया कि वह बड़े मुकाबलों में किसी भी मजबूत टीम को चुनौती दे सकती है। वहीं ऑस्ट्रेलिया को अब आगे के मैचों में जीत के साथ नेट रन रेट सुधारने पर भी ध्यान देना होगा, तभी सुपर-8 की उम्मीदें बरकरार रह पाएंगी।

Location : 
  • Colombo

Published : 
  • 13 February 2026, 2:51 PM IST

Advertisement
Advertisement