हिंदी
सीसीटीवी में नजर आए लूटेरे (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: जिले में बदमाशों ने लूट की एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिसने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। थाना नई मंडी क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने पता पूछने के बहाने एक महिला को अपना निशाना बनाया और उसके कानों से सोने के कुंडल लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच मंदिर से पूजा कर वापस लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने महिला से एक मकान का पता पूछना शुरू किया। महिला जब युवक को रास्ता बताने लगीं, तभी बदमाश ने मौका देखकर उनके कानों पर झपट्टा मार दिया और करीब एक तोला वजन के सोने के पंजाबी कुंडल खींच लिए। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से तेजी से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में बड़ा हादसा: शारदा नदी के बीच मझधार में पलटी नाव, 2 लोग लापता; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
दिनदहाड़े हुई इस घटना से महिला घबरा गईं। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाना नई मंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला से पूरी घटना की जानकारी लेकर शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। फुटेज में बाइक सवार संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों तक पहुंचने के लिए तकनीकी मदद भी ली जा रही है।मामले के जल्द खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही हैं।
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि घटना की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान लोगों से बातचीत करते समय सतर्क रहें, खासकर जब कोई व्यक्ति बहाने से उनके करीब आने की कोशिश करे। फिलहाल पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 30 July 2026, 8:49 PM IST