हिंदी
महाराष्ट्र शूटआउट केस का खुलासा
Lucknow: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में हुए सनसनीखेज शूटआउट मामले में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। यूपी STF की वाराणसी फील्ड यूनिट ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या की कोशिश के मामले में वांछित दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और बलिया से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के पास से 1200 रुपये नकद, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी 25 जुलाई को ठाणे के वालीव थाना क्षेत्र में कारोबारी मोहन परमार पर जानलेवा फायरिंग के बाद फरार चल रहे थे।
STF के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवरिया निवासी सुजीत पाण्डेय और आजमगढ़ निवासी मनोज ठठेरा के रूप में हुई है। मनोज ठठेरा को 29 जुलाई की रात उसके घर देवगांव (आजमगढ़) से गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य शूटर सुजीत पाण्डेय को 30 जुलाई को बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र स्थित अपने ससुराल पुरा चट्टी से दबोचा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मोहन परमार वसई ईस्ट स्थित अंजली इंडस्ट्रीज डायमंड इंडस्ट्रियल एस्टेट से जुड़े हुए हैं। उनका कंपनी के पार्टनर सागर बानोसाली के साथ पैसों का विवाद चल रहा था।
आरोप है कि बकाया रकम के विवाद के चलते सागर बानोसाली ने अपने सीए मित्र विजय विश्वकर्मा के साथ मिलकर मोहन परमार की हत्या की साजिश रची। इस योजना में कंपनी के कर्मचारी मनोज ठठेरा को शामिल किया गया, जिसने अपने मित्र सुजीत पाण्डेय को शूटर के रूप में साजिश में जोड़ा।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि सुजीत पाण्डेय, जो गुजरात में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था, उसे हत्या की वारदात को अंजाम देने के बदले 10 लाख रुपये एकमुश्त और आजीवन हर महीने 1 लाख रुपये देने का लालच दिया गया था।
24 जुलाई की शाम जब मोहन परमार अपने कार्यालय से निकलकर कार में बैठ रहे थे, तभी सुजीत ने उन पर पिस्टल से फायरिंग कर दी। हमले में मोहन परमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज जारी है।
वारदात के बाद आरोपी फरार होकर उत्तर प्रदेश में छिप गए थे। महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपियों के पूर्वांचल में होने की सूचना यूपी STF के साथ साझा की, जिसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मनोज ठठेरा का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर लिया गया है, जबकि सुजीत पाण्डेय के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस कर रही है। पुलिस अब इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Location : Lucknow
Published : 30 July 2026, 11:11 PM IST