हिंदी
दोस्ती के बहाने घर से बुलाकर हत्या (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर के खतौली कोतवाली क्षेत्र के भैंसी गांव में 29 अगस्त से लापता युवक अतुल की गुमशुदगी का मामला मंगलवार को हत्या में बदल गया। पुलिस ने गांव के पास गन्ने के खेत से उसके शव के अवशेष बरामद किए हैं। इस मामले में अतुल के दो दोस्तों सोनू और तालिब को गिरफ्तार किया गया है।
अवशेष मिलने की सूचना जैसे ही परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने बरामद अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अतुल की हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि सोनू की बहन को लेकर अतुल कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था।
आरोप है कि 29 अगस्त की रात सोनू और तालिब ने अतुल को दोस्ती के बहाने घर से बुलाया और उसे जंगल की तरफ ले गए। वहां दोनों ने कथित तौर पर पहले उसका गला दबाया और फिर चाकू से वार किए। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को गन्ने के खेत में छिपा दिया गया।
ये भी पढ़ें- 14 साल की लड़की को मारकर जला दिया शव, CID देखकर बनाया था हत्या का प्लान; फिर ऐसे पकड़े गए मर्डर करने वाले पति-पत्नी
इस मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अतुल के लापता होने के बाद उसके परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिवार और ग्रामीण लगातार युवक की तलाश कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, जिन दो युवकों पर हत्या का आरोप है, वे भी इस दौरान अतुल के परिजनों के साथ उसकी तलाश में शामिल होते रहे। पुलिस का मानना है कि ऐसा करने के पीछे खुद पर शक न आने देने की कोशिश हो सकती है।
अतुल की तलाश में कोई सफलता नहीं मिलने पर ग्रामीणों की ओर से पुलिस पर दबाव भी बढ़ने लगा था। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, करीब 50-60 ग्रामीण अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे और युवक की बरामदगी की मांग की थी। इसके बाद एसएसपी ने मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की। एसपी सिटी के नेतृत्व में SOG और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया।
विशेष टीम ने कई संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का शक अतुल के करीबी दोस्तों सोनू और तालिब पर गया। दोनों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने हत्या की वजह और वारदात से जुड़ी जानकारी दी। इसके बाद उनकी निशानदेही पर गन्ने के खेत से शव के अवशेष बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि अवशेषों के साथ मिले कपड़ों से मृतक की पहचान की गई।
ये भी पढ़ें- देवरिया में खाकी का बड़ा एक्शन! खामपार पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के दो वांछित अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
एसएसपी के मुताबिक, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल बताई जा रही मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। मामले में हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने यह भी बताया कि अतुल की तलाश को लेकर ग्रामीणों के धरना-प्रदर्शन के दौरान आरोपी भी गांव के अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचे थे। अधिकारियों के सामने वे भी अपने दोस्त की तलाश की मांग करने वालों में शामिल रहे।पुलिस के मुताबिक, यही वजह थी कि शुरुआती दौर में उन पर आसानी से शक नहीं हुआ। हालांकि, लगातार जांच, सर्विलांस और पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 September 2026, 5:46 PM IST