हिंदी
ऑपरेशन सवेरा का तहत कड़ी कार्रवाई (image source: dynamite news)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जनपद के खालापार थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर गांधीनगर कॉलोनी स्थित एक मकान पर छापेमारी कर बड़े नशे के नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस की इस कार्रवाई में मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनंत, मोहित पाल, अंकित, सलीम, लविश और सुमित के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद कीं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 4,72,800 नशीली कैप्सूल बरामद की हैं, जिनका कुल वजन करीब 266 किलो बताया गया है। बरामद माल की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार यह कैप्सूल ट्रामाडोल सॉल्ट आधारित हैं, जिनका उपयोग केवल डॉक्टर के प्रिस्क्रिप्शन पर दर्द निवारक दवा के रूप में किया जाता है। लेकिन आरोपी इन्हें अवैध रूप से स्टॉक कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि यह खेप लंबे समय से यहां जमा की जा रही थी और इसका बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए खालापार क्षेत्र में 4.72 लाख प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद कीं। करीब 40 लाख रुपये की इस खेप के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध नशे का कारोबार कर युवाओं को निशाना बना… pic.twitter.com/PTwWWBsK5j
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 11, 2026
एसपी सिटी अमित जैन ने बताया कि डीआईजी सहारनपुर रेंज के निर्देश पर नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन सवेरा’ चलाया जा रहा है। इसी के तहत एसएसपी मुजफ्फरनगर के निर्देशन और एएसपी की टीम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि थाना खालापार में इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है ताकि सप्लाई चेन का पूरा खुलासा हो सके। एसपी सिटी ने कहा कि नशे का यह नेटवर्क युवाओं को बर्बादी की ओर धकेल रहा था, इसलिए इसे पूरी तरह खत्म करना प्राथमिकता है। पुलिस आगे भी ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 11 May 2026, 5:21 PM IST