हिंदी
SSP से की गिरफ्तारी की मांग लेकर पहुंचे परिजन (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर में एक युवक की हत्या का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। पहले इस हत्याकांड में पशु चिकित्सक डॉ. राहुल का नाम सामने आया था, लेकिन अब मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का दावा है कि यह कोई सामान्य हत्या नहीं थी, बल्कि पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। इसी को लेकर परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
यह मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव शाहजुद्दी का है। मृतक रोहित के भाई नितिन कुमार के मुताबिक, 20 जून को उनके बेटे का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसी दौरान रात में रोहित के मोबाइल पर पशु चिकित्सक डॉ. राहुल का फोन आया। फोन आने के बाद रोहित घर से निकल गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा।
ये भी पढ़ें- फैसला अभी बाकी है, लेकिन बड़ा संदेश साफ है: भोजशाला मामले में मुस्लिम पक्ष को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत
अगले दिन उसका शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी डॉ. राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अब मृतक के परिजनों का कहना है कि हत्या की पूरी साजिश में रोहित की पत्नी काजल भी शामिल थी। उनका आरोप है कि काजल ने अपने कथित प्रेमी डॉ. राहुल के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई और रोहित को रास्ते से हटवा दिया। परिजनों ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र में मांग की है कि काजल के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
ये भी पढ़ें- Ballia: खाकी शर्मसार, पिटाई से शख्स की मौत, जानें क्यों 24 घंटे बाद भी नहीं पकड़े गए हत्या के आरोपी पुलिसकर्मी
मृतक के परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि काजल उन्हें लगातार धमका रही है। उनका कहना है कि वह कथित तौर पर कहती है कि अगर परिवार ने डॉ. राहुल के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी तो उन्हें झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा। इन आरोपों के बाद परिवार में डर का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से सुरक्षा देने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 14 July 2026, 3:59 PM IST
Topics : Murder Case muzaffarnagar news UP News