हिंदी
पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ (फोटो: AI)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर पुलिस के अनुसार, 21 जून को खालापार थाना क्षेत्र में शाहनवाज नामक व्यक्ति के खिलाफ अपनी पत्नी पर तेजाब फेंकने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। आरोपी की तलाश के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
शुक्रवार को पुलिस आरोपी को मेडिकल कराने के लिए अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान मोहर्रम के कारण बाजार में काफी भीड़ थी। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की, उनकी वर्दी फाड़ दी और भीड़ का फायदा उठाकर हिरासत से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, कुछ देर बाद सुजडू क्षेत्र के पास आरोपी मोटरसाइकिल पर दिखाई दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने तमंचे से फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। अब यह जांच की जा रही है कि हिरासत से भागने के बाद आरोपी को हथियार और बाइक किसने उपलब्ध कराई।
ASP सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरारी, पुलिस पर हमला तथा अन्य धाराओं में भी आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एसिड अटैक में घायल उसकी पत्नी का दिल्ली के अस्पताल में इलाज जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 26 June 2026, 6:34 PM IST