11 घंटे से MP Rakesh Rathore धरने पर, राजनीतिक माहौल गरमाया

गाजीपुर में नाबालिग हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में सांसद रविवार रात से अपने आवास के बाहर आमरण अनशन पर बैठ गए, जो सोमवार सुबह तक जारी रहा।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 27 April 2026, 8:42 AM IST
google-preferred

Sitapur: गाजीपुर में नाबालिग हत्या का मामला लगातारा तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में सांसद रविवार रात से अपने आवास के बाहर आमरण अनशन पर बैठ गए, जो सोमवार सुबह तक जारी रहा। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार सांसद राठौर गाजीपुर जाने की तैयारी में थे। हालांकि उनका कहना है कि वे महोली में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने खुफिया इनपुट का हवाला देते हुए उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया और नजरबंद कर दिया।

इस दौरान पुलिस और सांसद के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद नाराज सांसद अपने समर्थकों के साथ आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और आमरण अनशन शुरू कर दिया।

कैसे बढ़ा विवाद?

रात करीब 8 बजे शुरू हुआ यह धरना देर रात तक जारी रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स सांसद के घर के बाहर तैनात कर दी गई। प्रशासनिक अधिकारी लगातार सांसद को मनाने की कोशिश करते रहे।

सीओ सिटी और एसडीएम मौके पर पहुंचे और उन्होंने सांसद से बातचीत कर धरना खत्म करने का अनुरोध किया, लेकिन सांसद अपनी मांगों पर अड़े रहे।

स्वास्थ्य पर नजर, डॉक्टरों की टीम तैनात

रात करीब 12:30 बजे डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और सांसद का मेडिकल चेकअप किया। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन अनशन जारी रहने से प्रशासन सतर्क बना हुआ है।

क्यों किया जा रहा विरोध?

सांसद राठौर का आरोप है कि उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें जनता के बीच जाने और उनकी समस्याएं सुनने का पूरा अधिकार है।

पुलिस का क्या कहना है?

वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन उठाया गया। अधिकारियों के अनुसार, संभावित तनाव को देखते हुए यह कार्रवाई जरूरी थी।

29 अप्रैल को गाजीपुर पहुंचेगे अखिलेश यादव, निशा विश्वकर्मा हत्याकांड के पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

राजनीतिक माहौल गरम

इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है। समर्थक लगातार सांसद के समर्थन में जुटे हैं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले को शांत करने की कोशिश जारी है।

Location :  Sitapur

Published :  27 April 2026, 8:42 AM IST

Advertisement