हिंदी
मेरठ अंगदवीर हत्याकांड (Image Source: Dynamite News)
Meerut: मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में 7 साल के अंगदवीर की हत्या के बाद जब उसके पिता गुरसेवक विदेश से लौटकर घर पहुंचे तो बेटे का शव देखते ही उनका सब्र टूट गया। बेटे को अंतिम बार देखने के बाद वह फूट-फूटकर रो पड़े। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन एक पिता का दर्द किसी से छिप नहीं सका। बाद में गुरसेवक ने कांपते हाथों और भारी मन से अपने बेटे को मुखाग्नि दी।
अंगदवीर के पिता गुरसेवक सऊदी अरब में ड्राइवर की नौकरी करते हैं। बेटे की हत्या की सूचना मिलते ही वह गहरे सदमे में आ गए। किसी तरह टिकट की व्यवस्था कर वह तत्काल भारत के लिए रवाना हुए और गुरुवार को मेरठ पहुंचे। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने अपने बेटे का शव देखा तो उनकी आंखों से आंसुओं का सैलाब बह निकला।
गुरसेवक को इस घटना के बाद खुद पर और अपनी पत्नी के फैसलों पर भी गुस्सा था। बेटे को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था। इस दौरान उनकी तबीयत भी बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें संभाला।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंगदवीर का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद बहसूमा में पूरे रीति-रिवाज के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार शामिल हुए। श्मशान घाट पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थी। पिता गुरसेवक ने अपने हाथों से बेटे की चिता को अग्नि दी। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर गया। अंतिम संस्कार के बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया।
अंगदवीर की दादी बलजिंदर और अन्य परिजन लगातार सदमे में हैं। घर पर रिश्तेदारों और गांव के लोगों का तांता लगा रहा। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश करता नजर आया। मासूम की मौत ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
UP Crime: अमेठी में सपा नेता के पिता की हत्या, घर में घुसकर बेटा, बहू, पत्नी और पोते को पीटा
आपको बता दें कि 16 जून को बहसूमा क्षेत्र से अंगदवीर का अपहरण किया गया था। आरोप है कि बैंक अधिकारी अर्पित शर्मा पाराशर उसे घर के सामने से कार में बैठाकर ले गया। जांच में सामने आया कि बच्चे की हत्या करने के बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया था। मामले का खुलासा सीसीटीवी फुटेज और पुलिस जांच के दौरान हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Location : Meerut
Published : 19 June 2026, 7:59 AM IST