Mathura News: “मुझे बचा लो”… बाल गृह के CCTV में कैद शिवानी की आखिरी सांसों का वो दर्दनाक सच, जिसे देखकर कांप उठेगी रूह

मथुरा के वृंदावन स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो किशोरियों ने पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर डुबो दिया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 23 August 2026, 9:36 AM IST
google-preferred

Mathura: मथुरा चैतन्य विहार स्थित राजकीय बाल गृह (बालिका) में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब कमरा नंबर पांच के बाथरूम में 14 वर्षीय किशोरी शिवानी अचेत हालत में मिली। घटना की सूचना मिलने पर बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका प्रगति खरे ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने बाल गृह पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पानी की बाल्टी में डुबोकर हत्या का आरोप

एसएसपी के अनुसार, शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशोरी की मौत पानी में डूबने से होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि बाल गृह में साथ रहने वाली दो किशोरियों ने कथित तौर पर पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर डुबो दिया। जांच में तीन अन्य किशोरियों की भूमिका भी सामने आई है। कुछ अन्य किशोरियों से भी पूछताछ की जा रही है। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

यह भी पढ़ें: Mathura: खाकी का खौफ खत्म? बिजली उपकेंद्र में घुसकर SSO पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला

सीसीटीवी फुटेज से सामने आया घटनाक्रम

बाल गृह में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच में घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए। फुटेज के अनुसार सुबह करीब 11:08 बजे तीन किशोरियां कमरा नंबर पांच के बाथरूम में जाती दिखाई दीं। करीब 11:30 बजे एक किशोरी ने बाथरूम का दरवाजा खोलकर अंदर देखा और फिर वापस चली गई। करीब 11:48 बजे दो किशोरियां बाथरूम से बाहर आईं, जबकि शिवानी उनके साथ बाहर आती नहीं दिखी।

कैमरे तोड़ने की भी कोशिश

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। प्राथमिकी में आरोप है कि आरोपी किशोरी को घटना वाले दिन शाम करीब पांच बजे कमरे में लगे कैमरों को तोड़ते हुए देखा गया। पूछताछ के दौरान भी कुछ किशोरियों के बयान में विरोधाभास सामने आया। पुलिस इसे घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है।

पांच नामजद समेत अन्य पर मुकदमा

बाल गृह की प्रभारी अधीक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद किशोरियों समेत अन्य के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, आपराधिक साजिश और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बाल गृह में रहने वाली अन्य किशोरियों के बयान भी दर्ज किए हैं। आरोपित किशोरियों में एक अलीगढ़ और दूसरी पीलीभीत की रहने वाली बताई गई है। दोनों पॉक्सो मामलों में बाल गृह में रह रही थीं।

मां मानसिक चिकित्सालय में भर्ती

अधिकारियों के अनुसार मृतक किशोरी मूल रूप से बरेली की रहने वाली थी। उसकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और लखनऊ के राजकीय मानसिक चिकित्सालय में भर्ती हैं। बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद किशोरी को बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में बाल गृह में 141 बालिकाएं रह रही हैं। इनमें बड़ी संख्या निराश्रित बालिकाओं की है, जबकि कुछ पॉक्सो मामलों से जुड़ी हैं।

यह भी पढ़ें: Mathura: संत प्रेमानंद के शिष्य के घर क्या कर दुबई भागने की तैयारी में चार लोग दबोचे गए, जानें क्या-क्या हुआ बरामद

न्यायिक जांच के निर्देश

जिलाधिकारी सीपी सिंह ने मामले की न्यायिक जांच कराने के लिए जिला जज को पत्र भेजा है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। किशोरी का अंतिम संस्कार पुलिस की मौजूदगी में मथुरा के ध्रुव घाट पर कराया गया।

Location :  Mathura

Published :  23 August 2026, 9:36 AM IST

Advertisement