आठ माह की गर्भवती विवाहिता से मारपीट, गर्भ में बच्चे की मौत का आरोप; पति समेत पांच पर केस दर्ज

गोरखपुर के गीडा क्षेत्र में विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि आठ माह की गर्भावस्था में मारपीट के बाद गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। एसएसपी के आदेश पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

Gorakhpur: गीडा थाना क्षेत्र के कालेसर गांव में दहेज उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है। विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि आठ माह की गर्भावस्था के दौरान पति की मारपीट के बाद उसके गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। मामले में एसएसपी के आदेश पर गीडा पुलिस ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के कुछ समय बाद शुरू हुआ विवाद

कालेसर निवासी महिमा सिंह की शादी 30 मई 2023 को गांव के ही अमित सिंह पुत्र गुलाब सिंह से हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, शादी के करीब आठ माह तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन इसके बाद पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। इसी दौरान उसके पिता की भी मौत हो गई। महिमा का कहना है कि मायके की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह ससुराल वालों की मांग पूरी करने में असमर्थ थी।

ये 7 ड्राई फ्रूट्स, जो शरीर में करते हैं कमाल का काम

आठ माह की गर्भावस्था में मारपीट का आरोप

महिमा ने आरोप लगाया कि वह आठ माह की गर्भवती थी, इसी दौरान पति ने उसके साथ मारपीट की। पीड़िता के मुताबिक, मारपीट के बाद गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। डॉक्टरों के प्रयास से उसकी जान बच सकी। इसके बावजूद उसके साथ ससुराल में कथित उत्पीड़न जारी रहा।

पति पर दूसरे रिश्ते का भी आरोप

पीड़िता ने अपने पति पर एक युवती से प्रेम संबंध होने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पति दूसरी युवती से शादी करने की धमकी देता था और इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट करता था। महिमा के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 को पति और ससुराल के अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इस दौरान जेवरात छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

बारिश बनी चोरों की ढाल! मंदिर में घुसे 5 चोर, दान पेटिका उठाई और CCTV में कैद हो गई करतूत

एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले में पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद एसएसपी के आदेश पर गीडा पुलिस ने पति अमित सिंह, जेठ प्रदीप सिंह, जेठानी चंद्रशिला, सास तारा सिंह और ससुर गुलाब सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने समेत संबंधित आरोपों में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 September 2026, 2:10 PM IST

Related News

Advertisement