अचानक सड़क पर पलट गया बच्चों से भरा ऑटो, चीख-पुकार के बीच एक मासूम का टूटा हाथ

मनौरी कस्बे में शनिवार को बच्चों से भरा स्कूल ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला। एक बच्चे का हाथ टूट गया, जबकि कई बच्चों को चोटें आईं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 September 2026, 6:14 PM IST
google-preferred

Kaushambi: मनौरी कस्बे में शनिवार को बच्चों से भरा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा होते ही ऑटो में सवार बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर किसी तरह बच्चों को ऑटो से बाहर निकाला। हादसे में एक बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं।

पलटते ही मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि विद्या साइंस पब्लिक स्कूल के बच्चों को लेकर ऑटो जा रहा था। इसी दौरान मनौरी कस्बे में अचानक ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। ऑटो के पलटते ही उसमें बैठे बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा देखकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने राहत कार्य शुरू करते हुए ऑटो के नीचे और अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों को बाहर निकालने के बाद घायल बच्चों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

ये भी पढ़ें- साइकिल पर निकली थी लाडली, तेज रफ्तार ट्रेलर ने छीन ली सांसे: मिर्जापुर के इस दर्दनाक हादसे ने झकझोरा परिजनों का दिल

एक बच्चे का हाथ टूटा

हादसे में एक बच्चे के हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। उसका निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। वहीं, अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें और खरोंच आने की जानकारी है। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए। अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और उन्हें अपने साथ लेकर चले गए।

ऑटो में 18 बच्चों के सवार होने की चर्चा

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय ऑटो में करीब 18 बच्चे सवार थे। इतनी संख्या में बच्चों के एक ऑटो में बैठाए जाने की बात सामने आने के बाद स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों में क्षमता और सुरक्षा नियमों का खास ध्यान रखा जाना चाहिए। हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों की नियमित जांच और निगरानी कितनी गंभीरता से की जा रही है।

ये भी पढ़ें- Deoria: मां को आपबीती बताते ही मचा हड़कंप, 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार

पुलिस ने क्या कहा?

थाना पिपरी पुलिस के मुताबिक घायल बच्चों को उनके परिवार तक पहुंचा दिया गया है। बच्चों को हल्की खरोंच आई थी, जबकि एक बच्चे का हाथ टूटने की जानकारी है। घायल बच्चे का निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। फिलहाल हादसे के बाद अभिभावकों के बीच भी चिंता का माहौल है।

Location :  Kaushambi

Published :  12 September 2026, 6:14 PM IST

Advertisement