विधानसभा चुनाव 2027 : नोएडा सीट पर भाजपा में टिकट की जंग तेज, मनोज गुप्ता ने ठोकी दावेदारी

नोएडा विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा में टिकट की रेस तेज हो गई है। पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने नोएडा सीट से अपनी दावेदारी पेश की है। वैश्य समाज की बैठक में उनके समर्थन में आवाज उठी, जिसके बाद नोएडा की सियासत में नए समीकरण बनने लगे हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 September 2026, 2:36 PM IST
google-preferred

Noida : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नोएडा की सियासत में अभी से टिकट की रेस तेज होती दिखाई दे रही है। भाजपा के भीतर संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है और इसी बीच पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने नोएडा विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी खुलकर सामने रख दी है। महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित वैश्य समाज की बैठक में मनोज गुप्ता के समर्थन में आवाज उठी। बैठक में समाज के प्रमुख लोगों ने उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट की दावेदारी करने के लिए आगे आने को कहा।

भाजपा में पद नहीं, अब विधानसभा टिकट पर नजर

मनोज गुप्ता की विधानसभा दावेदारी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि मार्च 2025 में भाजपा ने नोएडा महानगर की कमान महेश चौहान को सौंप दी थी। इसके बाद मनोज गुप्ता महानगर अध्यक्ष पद से हट गए और फिलहाल पार्टी में उनके पास कोई पद नहीं है।

महानगर अध्यक्ष पद से हटने के बाद क्षेत्रीय संगठन में भी उनके नाम की चर्चा रही। क्षेत्रीय अध्यक्ष पद पर नवाब सिंह नागर की ताजपोशी के बाद क्षेत्रीय टीम में भी मनोज गुप्ता की दावेदारी मानी जा रही थी, लेकिन उन्हें क्षेत्रीय टीम में जगह नहीं मिली।

समाज की बैठक से भाजपा के भीतर बढ़ेगा दबाव?

महाराजा अग्रसेन भवन में हुई बैठक ने नोएडा विधानसभा सीट पर भाजपा की टिकट की राजनीति को नई चर्चा दे दी है। समाज की ओर से किसी एक नाम को लेकर खुलकर समर्थन जताया जाना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक समीकरण सक्रिय होंगे।

मनोज गुप्ता की दावेदारी सामने आने के बाद अब नजर इस बात पर रहेगी कि भाजपा संगठन आगामी चुनाव में टिकट के लिए किन-किन चेहरों पर मंथन करता है और मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के बीच किस दावेदार को बढ़त मिलती है।

मनोज गुप्ता बोले- समाज की इच्छा के अनुसार करेंगे दावेदारी

पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि समाज के लोगों ने उनसे विधानसभा चुनाव में दावेदारी करने के लिए कहा है और वह समाज की इच्छा के अनुसार नोएडा विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट की दावेदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि वह वर्ष 1997 से भाजपा में सक्रिय हैं। युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष से राजनीतिक सफर शुरू करने के बाद उन्होंने जिले और क्षेत्र में पार्टी के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। उनका कहना है कि लंबे संगठनात्मक अनुभव के आधार पर वह विधानसभा चुनाव में पार्टी के सामने अपनी दावेदारी रखेंगे।

बैठक में अग्रवाल मित्र मंडल के अध्यक्ष मूलचंद गुप्ता, भूपेंद्र मित्तल, नेत्रपाल अग्रवाल, राजेंद्र जैन, संदीप अग्रवाल, अशोक गोयल, मुकेश गुप्ता, संजय गोयल, विकास बंसल, आकाशदीप, पुनीत गर्ग, सुमित अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, संयम जैन और निखिल अग्रवाल सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Location :  Noida

Published :  9 September 2026, 2:36 PM IST

Related News

Advertisement