हिंदी
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति की मांग (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराने और संपूर्ण 13.37 एकड़ भूमि श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास को सौंपे जाने की मांग को लेकर विश्व हिंदू महासंघ की मैनपुरी इकाई ने मुखर विरोध दर्ज कराया है। संगठन की ओर से प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी मैनपुरी को सौंपा गया।
विश्व हिंदू महासंघ के धर्माचार्य अध्यक्ष डॉ हरिओम पाठक और प्रदेश अध्यक्ष भिखारी प्रजापति के निर्देशों पर पूरे उत्तर प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया गया है। राष्ट्र संत अवैद्यनाथ जी की पुण्यतिथि (12 सितंबर) पर आयोजित विभिन्न शोभा यात्राओं के माध्यम से संगठन ने आम जनमानस से व्यापक समर्थन जुटाया है, ताकि श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने का मार्ग प्रशस्त हो सके।
महासंघ ने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए बताया कि राजस्व अभिलेखों की इस संपूर्ण भूमि पर प्राचीन काल से हिंदू मंदिर विद्यमान था। ओरछा के राजा बीरसिंह जू देव बुंदेला ने यहां अंतिम बार एक भव्य मंदिर बनवाया था, जिसे मुगल शासक औरंगजेब ने तुड़वाकर उसके एक हिस्से पर शाही ईदगाह मस्जिद खड़ी कर दी थी।
संगठन ने 12 अक्टूबर 1968 को मथुरा की इस 13.37 एकड़ जमीन के संबंध में हुए समझौते को कूट-रचित और अवैध करार दिया। उनका कहना है कि यह समझौता हिंदू समाज के साथ एक गंभीर धोखा है। इसके अलावा, 'पूजा स्थल अधिनियम 1991' को अमान्य ठहराते हुए कहा गया कि छल से किए गए इस समझौते को कानूनी मान्यता देना हिंदू आस्था पर कुठाराघात है।
खाते से गायब हुए थे हजार, महिला ने पुलिस से लगाई गुहार; साइबर टीम ने वापस दिला दिए पैसे
ज्ञापन के अंत में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से यह मांग की गई है कि 1968 के उस विवादित समझौते को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। साथ ही, पूरी 13.37 एकड़ जमीन 'श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास' के नाम दर्ज की जाए, जिससे उस पवित्र स्थल पर भगवान श्रीकृष्ण का एक दिव्य और भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा सके।
इस अवसर पर आगरा के महानगर अध्यक्ष एवं मैनपुरी जिला प्रभारी नीरज भारद्वाज, जिलाध्यक्ष गोलू राठौर सहित महासंघ के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Mainpuri
Published : 18 September 2026, 12:50 PM IST
Topics : mainpuri news Mathura Shri Krishna Janmabhoomi Shahi Idgah Masjid UP News Vishwa Hindu Mahasangh