हिंदी
बच्चो को तिलक लगाते सदर विधायक (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज के प्राथमिक विद्यालय चौपरिया में बुधवार को प्रदेश सरकार के 'स्कूल चलो अभियान' के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यालय परिसर से निकली जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह ने सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अरविंद जायसवाल 'सरस' ने किया।
अपने संबोधन में विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कायाकल्प योजना के माध्यम से प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों की तस्वीर और तकदीर बदली गई है। उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में आधुनिक भवन, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्मार्ट कक्षाएं, निःशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे तथा मध्यान्ह भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।
विधायक ने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए केवल सरकारी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भूमिका भी जरूरी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा सरकारी विद्यालयों पर विश्वास जताने की अपील की। वहीं शिक्षकों से अनुशासन, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
Location : Maharajganj
Published : 1 July 2026, 3:54 PM IST