Maharajganj News: पोखरी का भव्य गेट बना मासूम की मौत का कारण, सुंदरीकरण कार्य पर उठे सवाल

महराजगंज के नौतनवा ब्लॉक के शेख फरेन्दा गांव में पोखरी सुंदरीकरण के तहत बना गेट अचानक ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठने लगे हैं। जानिए कहां हुई चूक

Maharajganj: नौतनवा विकास खंड क्षेत्र के ग्राम शेख फरेन्दा में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गांव की पोखरी के सुंदरीकरण के तहत निर्मित भव्य प्रवेश गेट अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोखरी के पास खेल रहा था बच्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा पोखरी के पास खेल रहा था, तभी अचानक गेट का एक हिस्सा ढह गया और वह मलबे के नीचे दब गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और बच्चे को मलबे से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि परिजनों द्वारा बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया गया है तथा उन्होंने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पोखरी सुंदरीकरण योजना के तहत लाखों रुपये खर्च कर गेट और अन्य निर्माण कार्य कराए गए थे। इसके बावजूद गेट का इस तरह अचानक ढह जाना निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई और गुणवत्ता की उचित निगरानी नहीं हुई। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हुआ होता तो यह हादसा नहीं होता और एक मासूम की जान बच सकती थी।

फिलहाल गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध है। मासूम की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

Location :  Maharajganj

Published :  20 June 2026, 7:37 PM IST

Advertisement