
बच्चे की मौत से मचा कोहराम (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: निचलौल थाना क्षेत्र के बजहा उर्फ अहिरौली-डोमा मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें 8 वर्षीय मासूम की जान चली गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
जानकारी के अनुसार, डोमा कांटी गांव का एक ट्रैक्टर सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान पैदल जा रहा प्रिंस चौहान (8 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र चौहान, ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका।
थाना प्रभारी निरीक्षक अंकित सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Location : Maharajganj
Published : 12 July 2026, 11:04 PM IST
Topics : Child Death Maharajganj Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Nichlaul Police station area Road Accident