NEET PG 2026 Re-Exam Today: जयपुर में 2,499 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, बिजली संकट के बाद फिर से हुआ आयोजन

NEET PG 2026 री-एग्जाम आज जयपुर में आयोजित हो रही है। 30 अगस्त को बिजली समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं कर पाए अभ्यर्थियों के लिए दोबारा टेस्ट कराया जा रहा है। पांच केंद्रों पर 2,499 उम्मीदवार परीक्षा देंगे। प्रशासन ने सुरक्षा, बिजली और तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 5 September 2026, 9:25 AM IST
google-preferred

जयपुर: नीट-पीजी 2026 की री-एग्जामिनेशन आज शनिवार को जयपुर में आयोजित की जा रही है। 30 अगस्त को हुई मुख्य परीक्षा के दौरान जयपुर के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण कुछ अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर पाए थे। अब उन्हीं प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा कराई जा रही है।

राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से आयोजित यह परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक कंप्यूटर आधारित माध्यम (CBT) से होगी। जयपुर के पांच निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कुल 2,499 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

30 अगस्त को बिजली समस्या से प्रभावित हुई थी परीक्षा

नीट-पीजी की मूल परीक्षा 30 अगस्त को देशभर में आयोजित हुई थी। जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन, आईडीजेड सीतापुरा के दो केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में तकनीकी समस्या सामने आई थी। इसके कारण कुछ अभ्यर्थी निर्धारित समय में परीक्षा पूरी नहीं कर सके थे।

इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा का मौका देने का फैसला किया। इसी क्रम में आज 5 सितंबर को जयपुर में री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है।

इन पांच केंद्रों पर होगी परीक्षा

  • शंकरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी – 280 अभ्यर्थी
  • अलंकार महिला पीजी महाविद्यालय – 350 अभ्यर्थी
  • जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज – 640 अभ्यर्थी
  • ऑरोबिंदो इंटरनेशनल स्कूल, जयपुर – 340 अभ्यर्थी
  • श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी – 889 अभ्यर्थी

बिजली और तकनीकी व्यवस्था पर प्रशासन की नजर

पिछली परीक्षा में आई तकनीकी दिक्कत को देखते हुए इस बार प्रशासन ने बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग को कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए सभी तकनीकी संसाधन और नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है।

सुरक्षा के साथ नकल रोकने के इंतजाम

परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। साइबर सुरक्षा व्यवस्था के साथ नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड भी सक्रिय रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई और अग्निशमन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का कहना है कि इस बार परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Location :  Jaipur

Published :  5 September 2026, 9:25 AM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement