बृजमनगंज निवासी सोनू ने अपनी पत्नी से बात न हो पाने के कारण ब्लेड से अपना गला रेत लिया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

पीड़ित युवक
महराजगंज: यूपी के महराजगंज जनपद अंतर्गत बृजमनगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 4, स्वामी विवेकानंद नगर निवासी सोनू पुत्र लालमन ने रविवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक कदम उठाया। सोनू ने अपनी पत्नी से बात न हो पाने के कारण ब्लेड से अपना गला रेत लिया। इस घटना ने न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सोनू की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे सिद्धार्थनगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, बताया जाता है कि सोनू चार दिन पहले अपनी बड़ी मां के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार के लिए अपने घर आया था। इस दौरान उसने अपनी पत्नी, जो अपने मायके में थी, उससे फोन पर बात करने की कोशिश की। लेकिन पत्नी ने बात करने से साफ इंकार कर दिया। इस बात से आहत और क्षुब्ध होकर सोनू ने आवेश में आकर यह आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों ने तुरंत उसे स्थानीय प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, सोनू की स्थिति अभी भी नाजुक है और उसका इलाज चल रहा है।
इस जिले में भी युवक ने मौत को लगाया गले
इसके अलावा, लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र से भी एक स्थित एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां फैक्ट्री में काम करने वाले कानपुर निवासी मजदूर ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे आवासीय कॉलोनी में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जानकारी के अनुसार, भंसड़िया स्थित एक फैक्ट्री में कानपुर नगर के हाथी गांव निवासी दीपक (उम्र 30 साल) करीब दस सालों से मजदूरी करता था। वह मिल की लेवर कॉलोनी में ही कमरे में रहता था। बताते हैं कि दीपक ने लेवर कॉलोनी स्थित अपने कमरे के अंदर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के मामा राम नारायण ने घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी रविवार को हुई। उधर मजदूर की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।