Maharajganj News: दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट, 6 लोगों पर मुकदमा दर्ज

सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा गांव में एक विवाहिता के साथ दहेज की मांग को लेकर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 May 2025, 4:47 PM IST
google-preferred

महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के मिठौरा गांव में एक विवाहिता के साथ दहेज की मांग को लेकर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता सुलोचना पाण्डेय ने अपने पति, सास, ननद, देवर सहित छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में सिन्दुरिया पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, सुलोचना पाण्डेय पुत्री मयंक पाण्डेय की शादी 23 नवंबर 2023 को गोरखपुर जिले के बांसगांव थाना क्षेत्र के तिघरा गांव निवासी डॉ. मनमोहन पाण्डेय पुत्र डॉ. गणेश पाण्डेय के साथ हिंदू रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से संपन्न हुई थी। शादी के बाद 1 दिसंबर 2023 को सुलोचना अपनी ससुराल विदा होकर गईं। पीड़िता के अनुसार, उनके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज में घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं दी थीं। शुरू में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष के लोगों का व्यवहार बदल गया। सुलोचना ने आरोप लगाया कि उनके पति, सास, ननद और देवर सहित अन्य ससुराल वालों ने दहेज में और सामान लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

दहेज में कर रहे थे चारपहिया की मांग

आरोप है कि ससुराल वालों ने ताने मारते हुए दहेज में चारपहिया वाहन की मांग की। जब सुलोचना और उनके मायके वालों ने इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई, तो ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। सुलोचना के साथ शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ती गईं। पीड़िता ने बताया कि ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने स्थानीय सिन्दुरिया पुलिस से मदद मांगी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और दहेज निषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि इस घटना ने एक बार फिर दहेज प्रथा की भयावहता को सामने ला दी है। समाज में शिक्षा और जागरूकता के बावजूद दहेज जैसी कुप्रथा आज भी कई परिवारों के लिए दुख का कारण बनी हुई है। इस मामले ने स्थानीय समुदाय में भी आक्रोश पैदा किया है और लोग दहेज प्रथा के खिलाफ कड़े कानूनी कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  18 May 2025, 4:47 PM IST

Advertisement