हिंदी
बिजली विभाग के कर्मचारी (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महाराजगंज में बिजली विभाग ने बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। विभाग की टीम ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली बिल की जांच की और नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले 40 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिए गए। विभाग का कहना है कि इन उपभोक्ताओं को पहले कई बार नोटिस और भुगतान के लिए समय दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बिल जमा नहीं किया। ऐसे में विभाग को कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: Lucknow Crime: सहेली के घर से लौट रही थी 15 साल की किशोरी, रास्ते में रुकी कार और फिर जो हुआ उसने सबको झकझोर दिया
जांच अभियान के दौरान विभाग ने बकायेदारों से 3 लाख 32 हजार रुपये की बकाया राशि भी वसूल की। अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल जमा करने के लिए जागरूक करना भी है। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
बिजली विभाग की टीम ने ग्रामीण क्षेत्र के गेरमा, हेवती और रूदापुर गांवों के साथ-साथ शहर के गोपालनगर, फल मंडी, मेन मार्केट, अमरपुरवा तिराहा और आसपास के कई इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बकायेदारों की सूची के आधार पर कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: Lucknow Crime: सहेली के घर से लौट रही थी 15 साल की किशोरी, रास्ते में रुकी कार और फिर जो हुआ उसने सबको झकझोर दिया
अवर अभियंता सत्यम कुमार गौड़ ने बताया कि बकाया बिजली बिल वसूली का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की, ताकि कनेक्शन विच्छेदन जैसी कार्रवाई से बचा जा सके। अभियान में विभाग के कर्मचारी जमील अहमद, शिवनाथ, मुकेश, कन्हैया, प्रद्युम्न, बबलू, विनोद, अजय, सन्नी, संजय सहित अन्य लाइनमैन मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 11 August 2026, 6:10 PM IST