हिंदी
शहीद अग्निशमन कर्मियों को नमन (Img: DN)
Maharajganj: अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के अवसर पर जनपद में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी फायर सर्विस कार्यालय पहुंचे और कर्तव्य के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर अग्निशमन कर्मियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
एसपी ने शहीद कर्मियों के स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अग्निशमन कर्मियों का साहस, समर्पण और निःस्वार्थ सेवा भावना समाज के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी। ये कर्मी हर संकट की घड़ी में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं, जो वास्तव में सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया। माहौल पूरी तरह श्रद्धा और सम्मान से ओत-प्रोत रहा।
इसके पश्चात एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने अग्नि शमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसका उद्देश्य आमजन को आग से बचाव के उपायों और आपातकालीन स्थिति में सतर्क रहने के प्रति जागरूक करना था।
रैली के माध्यम से लोगों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक सुरक्षा उपाय अपनाने, समय रहते सूचना देने और अग्निशमन विभाग की सहायता लेने के बारे में जागरूक किया गया। इस पहल को आमजन ने भी सराहा और इसे बेहद उपयोगी बताया।
Location : Maharajganj
Published : 14 April 2026, 12:03 PM IST
Topics : Fire Service Memorial Day Firefighters Tribute Maharajganj News Shakti Mohan Awasthi UP News