हिंदी
अवैध खनन पर समीक्षा करते DM संतोष कुमार शर्मा और SP सोमेंद्र मीना (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: जनपद में अवैध खनन और उसके परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारियों, एआरटीओ और खनन अधिकारियों के साथ बैठक कर अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए विशेष रणनीति तैयार करने का आदेश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने अवैध खनन और परिवहन से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कड़ी नाराजगी व्यक्त की। खनन निरीक्षक की जानकारी के अनुसार जनपद में खनन परिवहन हेतु कुल 327 वाहन पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें केवल 8 वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) लगी हुई है। जिलाधिकारी ने बिना वीएलटीडी वाले वाहनों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खनन सामग्री का परिवहन केवल अनुमन्य वाणिज्यिक वाहनों से ही किया जाए। गैर वाणिज्यिक वाहनों द्वारा खनन सामग्री ढोने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी पंजीकृत वाहनों पर पहचान के लिए संकेतक चिन्ह (पेंटिंग या अन्य) लगाने के निर्देश दिए। बिना संकेतक चिन्ह वाले वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे अवैध परिवहन की पहचान और नियंत्रण दोनों में आसानी होगी।
अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी ने राजस्व, पुलिस, परिवहन और खनन विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया। इन टीमों को तत्काल औचक चेकिंग अभियान चलाने का आदेश दिया गया। अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच कर उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएँ।
महराजगंज: फरेंदा में स्वच्छता पर प्रशासन एक्शन मोड में, DM-CDO ने भी मंदिर परिसर में किया साफ-सफाई
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, एआरटीओ मनोज सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी और खनन अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे विभागीय सीमा और नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए समन्वित रूप से कार्य करें।
Location : Maharajganj
Published : 24 March 2026, 8:03 PM IST