“सुबह 8:49 बजे ही बिकने लगी शराब!” बागापार की दुकान पर उठे सवाल, अब आबकारी विभाग की जांच पर टिकी नजर

महराजगंज के बागापार में देशी शराब की दुकान पर सुबह 8:49 बजे कथित बिक्री ने आबकारी विभाग की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने तय समय से पहले दुकान खुलने का आरोप लगाया है।

Maharajganj: सदर ब्लॉक क्षेत्र के बागापार चौराहे पर स्थित देशी शराब की दुकान पर मंगलवार सुबह करीब 8:49 बजे से ही शराब बिक्री किए जाने का मामला सामने आने के बाद आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्धारित समय से पहले ही दुकान खोलकर शराब की बिक्री की जा रही थी।

आखिर लोगों में नाराजगी में क्यों?

स्थानीय लोगों के मुताबिक शराब की दुकानों के संचालन के लिए निर्धारित समय तय है और उससे पहले बिक्री की अनुमति नहीं होती। इसके बावजूद सुबह ही दुकान खुलने और शराब बिकने की बात सामने आने से लोगों में नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि अगर दुकान निर्धारित समय से पहले खुलकर बिक्री कर रही थी तो आबकारी विभाग की निगरानी टीम को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई?

ये भी पढ़ें- लखनऊ में ICICI की अफसर पत्नी को मारी गोली, घर जाकर बहन की भी हत्या; फिर SBI कर्मचारी पति ने उठाया खौफनाक कदम

मामले ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकानों के संचालन की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी यदि नियमित रूप से निरीक्षण करते हैं तो फिर निर्धारित समय से पहले शराब बिक्री कैसे शुरू हो गई। हालांकि, समय से पहले बिक्री और किसी अधिकारी की मिलीभगत के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

शराब की दुकान के पास है मंदिर और विद्यालय

बताया जा रहा है कि शराब की दुकान के आसपास मंदिर, विद्यालय और पुलिस चौकी भी मौजूद हैं। ऐसे संवेदनशील स्थानों के बीच सुबह-सुबह शराब की बिक्री को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि शराब की दुकानों के संचालन में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए, खासकर उन स्थानों पर जहां आसपास धार्मिक स्थल, शिक्षण संस्थान और पुलिस प्रतिष्ठान मौजूद हों।

स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुकान के खुलने का समय, बिक्री का रिकॉर्ड, लाइसेंस की शर्तों और निर्धारित समय से पहले बिक्री के आरोपों की जांच की जानी चाहिए। अगर जांच में नियमों का उल्लंघन मिलता है तो दुकान संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आफत! फिर धंसी 140 मीटर सड़क, 24 घंटे शुरू हुआ मरम्मत का काम

इसके साथ ही लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि समय से पहले शराब बिक्री की शिकायतों की निगरानी में आबकारी विभाग के स्थानीय अधिकारियों की भूमिका भी जांची जाए। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला महज दुकान संचालक की मनमानी का है या निगरानी तंत्र में भी कहीं लापरवाही बरती गई। फिलहाल बागापार में सुबह 8:49 बजे शराब बिक्री के आरोप ने आबकारी विभाग के सामने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Location :  Maharajganj

Published :  20 August 2026, 3:04 PM IST

Advertisement