हिंदी
महराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई। डाइनामाइट न्यूज़ पर पढ़िये पूरी खबर
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
महराजगंज: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद के अंतर्गत बांसपार बैजौली टोला लालपुर गांव में एक बड़ा दर्दनाक हादसा हुआ। जहां, 35 वर्षीय भुआल पासवान की खेत में काम करते समय आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब भुआल पासवान हल्की बारिश के बीच खेत में धान की रोपाई कर रहे थे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार को दोपहर में हल्की बारिश हो रही थी और मौसम अचानक बिगड़ गया। आसमान में तेज गरज और चमक के साथ अचानक बिजली गिरी, जो सीधे भुआल पासवान पर आकर गिरी। बिजली गिरते ही वह खेत में बेहोश होकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
वहीं पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत उनकी ओर दौड़े लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवारजन घटनास्थल पर पहुंचे।
हाल ही में बंगलौर से लौटे थे गांव
बताया जा रहा है कि भुआल पासवान हाल ही में बंगलौर से अपने गांव लौटे थे, जहां वे वर्षों से मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। वह करीब एक महीने पहले ही गांव आए थे और धान की रोपाई में परिवार की मदद कर रहे थे। उनकी अचानक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घर में इकलौते कमाने वाले थे
दूसरी तरफ, मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे बेटा सत्यम और बेटी परी सहित माता-पिता और दो छोटे भाई धर्मवीर और विशाल को छोड़ गए हैं। भुआल परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मेहनत से ही घर का खर्च चलता था।
प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन को भी अवगत कराया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भुआल पासवान के परिजनों को सरकारी आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में परिवार को कुछ राहत मिल सके। बता दें कि भुआल की मृत्यु के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।