मेरठ बैठक में वकीलों का बड़ा फैसला, चुनाव से पहले 22 जिलों में… बेंच नहीं तो वोट नहीं

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच स्थापना को लेकर मेरठ कचहरी परिसर में वेस्ट यूपी के 22 जिलों के बार पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में “बेंच नहीं तो वोट नहीं” अभियान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले और तेज करने का निर्णय लिया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 May 2026, 9:03 PM IST
google-preferred

Meerut : कचहरी परिसर स्थित पंडित नानक चंद सभागार में हाई कोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें वेस्ट यूपी के 22 जिलों की बार एसोसिएशनों के पदाधिकारी और प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक का मुख्य मकसद लंबे समय से लंबित हाई कोर्ट बेंच की मांग को और मजबूत करना रहा।

50 साल पुरानी मांग पर फिर से जोर

बैठक में वकीलों ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की मांग लगभग 50 सालों से लंबित है। इस मांग को लेकर प्रत्येक शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहने की परंपरा जारी है, जिसे और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया।

“बेंच नहीं तो वोट नहीं” अभियान होगा तेज

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले “बेंच नहीं तो वोट नहीं” अभियान को पूरे क्षेत्र में और व्यापक रूप से चलाया जाएगा। वकीलों ने इसे जनता के न्यायिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया।

पश्चिमी यूपी में AAP की एंट्री : मेरठ से गाजियाबाद तक पदयात्रा शुरू, संजय सिंह बोले- 2027 में जनता देगी जवाब

शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात का फैसला

एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, विधि एवं न्याय मंत्री तथा सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात करेगा। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट बेंच की स्थापना की मांग रखी जाएगी।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा हापुड़ और नोएडा बार पदाधिकारियों को जारी कारण बताओ नोटिस के विरोध में 20 मई 2026 को न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। संघर्ष समिति की अगली बैठक 18 जुलाई को बागपत बार एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी।

बार के ये पदाधिकारी और वकील रहे मौजूद

बैठक में बार एसोसिएशन गाजियाबाद के अध्यक्ष ब्रहमदेव त्यागी, बार एसोसिएशन शामली के अध्यक्ष राजपाल सिंह, बार एसोसिएशन सहारनपुर के अध्यक्ष राहुल त्यागी, बार एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, बार एसोसिएशन नोएडा के अध्यक्ष परविंद्र भाटी, बार एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद, बार एसोसिएशन कैराना के महामंत्री चौ. सर्वेज जंग, बार एसोसिएशन मुरादाबाद के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता, बार एसोसिएशन अलीगढ़ के अध्यक्ष संतोष कुमार वशिष्ठ, बार एसोसिएशन बुलंदशहर के महामंत्री अमित चौहान, बुढ़ाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश पाल वर्मा मौजूद रहे।
बागपत बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष तोमर, हापुड़ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, बार एसोसिएशन मोदीनगर के अध्यक्ष जगबीर सिंह, मवाना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कंसल, सरधना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आरिफ मलिक, डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह, महामंत्री प्रशांत गुप्ता, मेरठ बार के पूर्व अध्यक्ष एमपी शर्मा, चौ. धीर सिंह, अनिल कुमार बख्शी, डाॅ. ओपी शर्मा, अशोक कुमार शर्मा, कुंवरपाल शर्मा, पं. आनन्द कश्यप आदि बड़ी संख्या में वकील भी उपस्थित रहे।

Location :  Meerut

Published :  17 May 2026, 9:03 PM IST

Advertisement