हिंदी
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो
Shahjahanpur: शाहजहांपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों समेत कई लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ऑटो स्कूटी सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गया।
पुलिस के मुताबिक, चार सीटों वाले ऑटो में सात लोग सवार थे। हादसा कमलनैनपुर गांव के मोड़ के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में जलालाबाद के गौसनगर निवासी इकबाल, उनकी पत्नी राबिया, कांट क्षेत्र के बबक्करपुर निवासी रामक्षत्रिय देवी और मिश्रीपुर निवासी अनूप कुमार की मौत हो गई। अनूप कुमार ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा।
बताया गया कि राबिया हाई ब्लड प्रेशर की मरीज थीं और दवा लेने के लिए शहर आई थीं। रविवार सुबह वह पति इकबाल और इकलौते बेटे अयान के साथ जलालाबाद लौटने के लिए ऑटो में सवार हुए थे।
हादसे के दौरान रामक्षत्रिय देवी की गोद में उनका चार वर्षीय बेटा कृष्णा बैठा था। टक्कर लगते ही वह झटका खाकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि उसके कान के पास गंभीर चोट आई है।
वहीं, इकबाल और राबिया का बेटा अयान ऑटो के अंदर सीट के नीचे गिर गया, जिससे वह भी हादसे में बच गया। दोनों बच्चों का इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, ऑटो चालक नावेद वाहन को तेज गति से चला रहा था। कमलनैनपुर मोड़ के पास आगे चल रहे स्कूटी सवार ने अचानक गति धीमी की। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन ऑटो अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंच गया। उसी दौरान सामने से आ रहे खाली डंपर ने ऑटो को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस के सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
Location : Shahjahanpur
Published : 17 May 2026, 7:49 PM IST
Topics : Auto Dumper Road Accident Shahjahanpur UP News