हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: गूगल)
Noida: नोएडा के सेक्टर-63 इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने थाने पहुंचकर बताया कि उसके कमरे में बुलवाई गई महिला मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का नजारा देखकर जांच शुरू कर दी। महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जबकि उसके कान से खून बह रहा था। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग इसे हत्या से जोड़कर भी देख रहे हैं।
महिला को रात में बुलाया था
जानकारी के मुताबिक, चोटपुर कॉलोनी में रहने वाला युवक सेक्टर-63 की एक फैक्ट्री में काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार रात उसने फोन कर महिला को अपने कमरे पर बुलाया था। युवक के अनुसार महिला पहले भी दो-तीन बार उसके कमरे पर आ चुकी थी और दोनों के बीच परिचय था। युवक ने बताया कि रात में दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और बाद में सो गए।
सुबह नहीं उठी महिला, कान से बह रहा था खून
युवक के मुताबिक, सुबह वह फैक्ट्री जाने के लिए उठा और महिला को जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठी। इसी दौरान उसकी नजर महिला के कान से निकल रहे खून पर पड़ी। यह देखकर वह घबरा गया और सीधे थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे की वीडियोग्राफी कराई और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ओवरडोज और शराब से मौत की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत अत्यधिक शराब और शक्तिवर्धक दवाओं के सेवन की वजह से हो सकती है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
मोबाइल से पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस को महिला के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है। उसके मोबाइल फोन को खंगालकर पहचान की कोशिश की जा रही है। जांच में सामने आया कि मोबाइल में ज्यादातर नंबर ग्राहकों के हैं। कई लोगों ने महिला को पहचानने से इनकार कर दिया। हालांकि दो ऐसे नंबर मिले हैं जिनसे संपर्क कर पुलिस महिला की असली पहचान और पते की जानकारी जुटा रही है। महिला एक सेक्स-वर्कर थी।
Location : Noida
Published : 17 May 2026, 7:31 PM IST