हिंदी
मृतक विजय यादव का फाइल फोटो (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: राजधानी लखनऊ में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कुछ दबंग युवकों ने एक ढाबा संचालक को सरेआम गोली मार दी। आरोप है कि ढाबा संचालक ने सड़क पर हो रही लड़ाई का वीडियो बना लिया था। इसी बात से नाराज होकर बदमाशों ने पहले उससे बहस की। बहस के बाद बदमाश मौके से चले गए थे, लेकिन फिर थोड़ी देर बाद बाइक से लौटकर उसके सिर में गोली मार दी।
ढाबे के बाहर हो रही थी लड़ाई
जानकारी के मुताबिक, मड़ियांव थाना क्षेत्र के भिटौली तिराहे के पास रहने वाले विजय यादव का ‘यादव ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट’ नाम से ढाबा है। रविवार शाम करीब 5 बजे ढाबे के बाहर कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय यादव ने पहले उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन जब युवक नहीं माने तो उन्होंने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान झगड़ा कर रहे युवकों में से एक ने विजय को वीडियो बनाने से मना किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई। इसके बाद युवक वहां से चले गए, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।
कुछ देर बाद लौटे और मार दी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ समय बाद दो युवक बाइक से दोबारा ढाबे पर पहुंचे। आते ही उन्होंने विजय यादव पर हमला कर दिया। आरोप है कि एक युवक ने तमंचा निकालकर विजय के माथे पर गोली मार दी। गोली लगते ही ढाबे पर भगदड़ मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। खून से लथपथ विजय यादव को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिवार में मचा कोहराम
घटना की खबर मिलते ही विजय यादव के परिवार में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल पहुंचीं उनकी मां बेटे की हालत देखकर बदहवास हो गईं। वहीं ट्रॉमा सेंटर के बाहर परिजन और रिश्तेदार लगातार दुआ कर रहे हैं। इधर, ढाबे के बाहर भी व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश है।
वीडियो बना वारदात की वजह
घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक ढाबे के बाहर झगड़ा करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यही वीडियो पूरे विवाद की वजह बना। पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 17 May 2026, 8:46 PM IST